सिलवासा, 07 मार्च (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को यहां कहा कि हमारा सिलवासा और ये संघ प्रदेश विकास के मामले में देश के नक्शे पर एक अलग पहचान के साथ उभर रहे हैं।
श्री मोदी ने आगे कहा कि दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव हमारे लिए केवल एक केंद्र शासित प्रदेश नहीं है। ये संघ प्रदेश हमारा गर्व है, हमारी विरासत भी है। इसलिए हम इस प्रदेश को एक ऐसा मॉडल स्टेट बना रहे हैं, जो अपने समग्र विकास, होलिस्टिक डेवलपमेंट के लिए जाना जाए। ये कई योजनाओं में सैचुरेशन की स्थिति में पहुंच गए हैं। जीवन के हर आयाम में, हर जरूरत के लिए सरकार की योजना का लाभ हर लाभार्थी को मिल रहा है। वह आज केंद्र शासित प्रदेश के सिलवासा में केन्द्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव के लिए 2580 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास अवसर पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
प्रधानमंत्री ने कहा सिलवासा का ये प्राकृतिक सौंदर्य, यहां के लोगों का प्यार और दादरा नगर हवेली, दमन दीव, आप सब जानते हैं, मेरा कितना पुराना नाता रहा है, आप लोगों से। ये दशकों पुराना अपनापन, यहां आकर मुझे कितना आनंद मिलता है, ये केवल मैं और आप ही जानते हैं। बहुत पुराने साथियों को आज मैं देख रहा था। वर्षों पहले मुझे यहां बहुत बार आने का अवसर मिलता था। सिलवासा और पूरा दादरा नगर हवेली, दमन-दीव, उस समय क्या हालत थे, कितना अलग था और लोगों को भी लगता था कि समंदर के किनारे छोटी सी जगह, वहां क्या हो सकता है। लेकिन मुझे यहां के लोग, यहां के लोगों के सामर्थ्य पर भरोसा था, आप पर भरोसा था।
उन्होंने कहा, 2014 में केंद्र में सरकार बनने के बाद हमारी सरकार ने इस भरोसे को शक्ति में परिवर्तित कर दिया, उसे आगे बढ़ाया और आज हमारा सिलवासा, ये प्रदेश एक आधुनिक पहचान के साथ उभर रहा है। सिलवासा एक ऐसा शहर बन चुका है, जहां हर जगह के लोग रह रहे हैं। यहां का ये कॉस्मोपॉलिटन मिजाज ये बताता है कि दादरा नगर हवेली में कितनी तेजी से नए अवसरों का विकास हुआ है।
इसी विकास अभियान के तहत आज यहां ढाई हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की अनेक परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी, हेल्थकेयर, एजुकेशन और टूरिज्म, यानी एक प्रकार से हर क्षेत्र से जुड़े ढ़ेर सारे प्रोजेक्टस, इस क्षेत्र के विकास को और गति देंगे, यहाँ नए अवसर पैदा होंगे। मैं आप सभी लोगों को इन परियोजनाओं के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
श्री मोदी ने कहा, एक छोटी सी बात कहूँ आपसे, आप में से काफी सारे, क्योंकि यहाँ तो विदेश से ज्यादा कुछ नया नहीं है, सिंगापुर जाते होंगे, यह सिंगापुर किसी जमाने में मछुवारों के लिए एक छोटा सा गाँव था, मछली पकड़ना ही मुख्य कार्य था। बहुत ही छोटे समय में वहाँ के लोगों की संकल्प शक्ति ने इसे आज सिंगापुर बना दिया। ऐसे ही अगर संघ प्रदेश के यहाँ के प्रत्येक नागरिक ठान ले, तो मैं आपके साथ खड़े रहने के लिए तैयार हूं, लेकिन आपको भी चलना पड़ेगा।
दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव, हमारे लिए केवल एक केंद्र शासित प्रदेश नहीं है। ये संघ प्रदेश हमारा गर्व है, हमारी विरासत भी है। इसलिए हम इस प्रदेश को एक ऐसा मॉडल स्टेट बना रहे हैं, जो अपने समग्र विकास, होलिस्टिक डेवलपमेंट के लिए जाना जाए। मैं चाहता हूं, ये क्षेत्र जाना जाए-अपने हाइटेक इनफ्रास्ट्रक्चर के लिए, ये क्षेत्र जाना जाए, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए, इस क्षेत्र को जाना जाए, वर्ल्ड क्लास एजुकेशन इंस्टीट्यूट्स के लिए, यहाँ की पहचान हो, अपने टूरिज़्म से, ब्लू इकोनॉमी से, यहां की पहचान बने, यहाँ की औद्योगिक प्रगति, युवाओं के लिए नए अवसर, महिलाओं की भागीदारी और चौतरफा विकास।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि श्री प्रफुल्ल भाई पटेल की मेहनत और केंद्र सरकार के सहयोग की वजह से हम अब इस लक्ष्य से बहुत दूर नहीं हैं। बीते 10 वर्षों में हमने मिलकर इस दिशा में तेजी से काम किया है। हमारा सिलवासा और ये संघ प्रदेश विकास के मामले में देश के नक्शे पर एक अलग पहचान के साथ उभर रहे हैं। दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव, ये कई योजनाओं में सैचुरेशन की स्थिति में पहुंच गए हैं। जीवन के हर आयाम में, हर जरूरत के लिए सरकार की योजना का लाभ हर लाभार्थी को मिल रहा है।
उन्होंने कहा,“आप देखिए, वन नेशन वन राशन कार्ड से हर व्यक्ति को भोजन की गारंटी मिली है। जल जीवन मिशन से हर परिवार तक पीने का साफ पानी पहुंच रहा है। भारत नेट से डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। पीएम जनधन ने हर परिवार को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ा है। पीएम जीवन ज्योति बीमा और पीएम सुरक्षा बीमा योजना का लाभ हर लाभार्थी को मिल रहा है। इन योजनाओं की सफलता ने यहां के लोगों को विश्वास से भर दिया है।”
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से उनके जीवन में जो सकारात्मक बदलाव आए हैं, उसके व्यापक प्रभाव दिख रहे हैं। अब हमारा प्रयास ये है कि स्मार्ट सिटीज मिशन, समग्र शिक्षा और पीएम मुद्रा जैसी योजनाओं में भी शत् प्रतिशत, 100 परसेंट सैचुरेशन हासिल करें। ये पहली बार है, जब जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर इस तरह सरकार खुद लोगों के पास जा रही है। इसका समाज के वंचित और आदिवासी वर्ग को बहुत ज्यादा लाभ मिला है।
श्री मोदी ने कहा कि इनफ्रास्ट्रक्चर से लेकर शिक्षा, रोजगार और औद्योगिक विकास तक, किस तरह से इस प्रदेश की तस्वीर बदली है, ये आज हमारे सामने है। एक समय था, जब यहां के युवाओं को हायर एजुकेशन के लिए बाहर जाना पड़ता था। लेकिन, अब इस क्षेत्र में नेशनल लेवल के छह इंस्टीट्यूट हैं। नमो मेडिकल कॉलेज, गुजरात नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, आईआईआईटी दीव, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी, इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैंटरिंग टेक्नोलॉजी और दमन का इंजीनियरिंग कॉलेज, इन संस्थानों के कारण हमारा सिलवासा और ये संघ प्रदेश एजुकेशन का नया हब बन गया है।
उन्होंने कहा कि यहां के युवाओं को इन संस्थानों का ज्यादा लाभ मिले, इसलिए उनके लिए सीटें रिजर्व रखी गई हैं। पहले मुझे ये देखकर खुशी होती थी, कि ये एक ऐसा प्रदेश है, जहां हिंदी, अंग्रेजी, गुजराती और मराठी इन चार अलग-अलग माध्यमों में पढ़ाई होती है। अब मुझे इस बात का भी गर्व है, कि यहाँ प्राइमरी और जूनियर स्कूलों में भी बच्चे स्मार्ट क्लास रूम्स में पढ़ाई कर रहे हैं।
श्री मोदी ने कहा कि बीते वर्षों में इस क्षेत्र में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का काफी विस्तार हुआ है। 2023 में मुझे यहां नमो मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन का अवसर मिला था। अब इसके साथ 450 बेड की क्षमता वाला एक और अस्पताल जुड़ गया है। इसका अभी यहां उद्घाटन किया गया है। आज यहां स्वास्थ्य से जुड़ी कई दूसरी परियोजनाओं का शिलान्यास भी हुआ है। सिलवासा की इन स्वास्थ्य सुविधाओं से यहां के आदिवासी समुदाय को बहुत बड़ा फायदा होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज सिलवासा में हेल्थ से जुड़े ये प्रोजेक्ट्स एक और वजह से खास हो गए हैं। आज जनऔषधि दिवस भी है। जनऔषधि यानी सस्ते इलाज की गारंटी जनऔषधि का मंत्र है दाम कम, दवाई में दम, दाम कम, दवाई में दम, हमारी सरकार अच्छे अस्पताल भी बनवा रही है, आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज की सुविधा भी दे रही है और जनऔषधि केन्द्रों के जरिए सस्ती दवाएं भी दे रही हैं। हम सबने अपने जीवन में देखा है, अस्पताल में इलाज के बाद भी लंबे समय तक दवाओं के खर्च का बोझ रहता है। ये बोझ कम हो, इसके लिए देशभर में 15 हजार से ज्यादा जन औषधि केंद्रों पर 80 प्रतिशत तक कम कीमत पर लोगों को दवाइयां मिल रही हैं। दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव के लोगों को भी करीब 40 जन औषधि केंद्रों का लाभ मिल रहा है।
श्री मोदी ने कहा कि आने वाले समय में हम देश भर में 25 हजार जनऔषधि केंद्र खोलने का लक्ष्य लेकर के आगे बढ़ रहे हैं। जब से ये योजना शुरु हुई है, तब से लेकर आज तक करीब साढ़े छह हज़ार करोड़ रुपए की सस्ती दवाएं सरकार ने ज़रूरतमंदों को दी हैं। जनऔषधि केंद्र खुलने से गरीब और मिडिल क्लास के 30 हज़ार करोड़ रुपए से अधिक बचे हैं। जनऔषधि केंद्रों की वजह से अनेक गंभीर बीमारियों का इलाज सस्ता हुआ है। ये इस बात का प्रमाण है कि हमारी सरकार सामान्य मानवी की आवश्यकताओं को लेकर कितनी संवेदनशील है।
प्रधानमंत्री ने कहा, स्वास्थ्य से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों के साथ ही मैं एक और अहम विषय उठाना चाह रहा हूँ। आप सब जानते हैं, आज जीवनशैली, उससे जुड़ी बीमारियाँ, लाइफ स्टाइल डिजीज हमारे आरोग्य के लिए एक बड़ा खतरा बन रही हैं। एक ऐसी ही बीमारी है मोटापा, ओबेसिटी, ये कुर्सी पर बैठ भी नहीं सकते, आसपास देखना नहीं है, नहीं तो मैंने कहा तो आसपास देखेंगे कि मेरे पास में ज्यादा वजन वाला कौन बैठा है। ये मोटापा जो आज दूसरी कई बीमारियों की वजह बनता जा रहा है।
श्री मोदी ने कहा कि अभी हाल ही में मोटापे की समस्या पर एक रिपोर्ट आई है। ये रिपोर्ट कहती है कि 2050 तक 44 करोड़ से ज्यादा भारतीय मोटेपन, ओबेसिटी की समस्या से ग्रस्त हो जाएंगे। ये आंकड़ा बहुत बड़ा है, ये आंकड़ा डराने वाला है। इसका मतलब है, कि हर तीन में से एक व्यक्ति ओबेसिटी की वजह से गंभीर बीमारियों की चपेट में आ सकता है, ये मोटापा जानलेवा बन सकता है। यानी, हर परिवार में कोई एक व्यक्ति ओबेसिटी का शिकार होगा, ये कितना बड़ा संकट हो सकता है। हमें अभी से ऐसी स्थिति को टालने का प्रयास करना ही होगा और इसलिए, कई उपाय हो सकते हैं।
श्री मोदी ने कहा कि मैंने एक आह्वान किया है और मैं आज आपसे वादा चाहता हूं, ये हास्पिटल तो अच्छा बना है, लेकिन मैं नहीं चाहता हूं कि आपको अस्पताल जाने की मुसीबत आ जाए, भले अस्पताल खाली रहे, आप लोग तंदुरूस्त रहे। मैं एक आपसे एक काम करवाना चाहता हूं कि इस शरीर का वजन बढ़ेगा और मोटे होते जाओगे उसमें से पतला होने का प्रयास करना है। हम सभी को अपने खाने के तेल में 10 प्रतिशत की कटौती करनी चाहिए। हमें हर महीने 10 प्रतिशत कम तेल में काम चलाने का प्रयास करना है। मोटापा कम करने की दिशा में ये एक बहुत बड़ा कदम होगा।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा, हम एक्सरसाइज को अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा। अगर आप हर रोज कुछ किलोमीटर पैदल भी चलते हैं, सनडे ओन साइकिल ये भी करते हैं, तो बहुत बड़ा फायदा होगा। और आप देखो मैंने 10 प्रतिशत तेल कम करने के लिए जो बोला है, दूसरा कोई और काम करने के लिए नहीं बोला है, नहीं तो आप ऐसा कहोगे, कि साहब कहें शाम को 50 प्रतिशत कम करों, तो आप मुझे सिलवासा नहीं बुलाएंगे।
श्री मोदी ने कहा कि आज देश विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने में जुटा है। हमें ये याद रखना है, कि स्वस्थ देश ही ऐसे लक्ष्य को हासिल कर सकता है। इसलिए, दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव, ये संघ प्रदेश के लोगों से भी कहूंगा, अगर आप खाने के तेल में कटौती करते हैं, अपने को फिट रखते हैं, तो ये विकसित भारत की यात्रा में आपका एक बड़ा योगदान होगा।
उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश के पास विकास का विज़न होता है, वहाँ अवसरों का निर्माण भी तेजी से होता है। इसीलिए, पिछले एक दशक में ये क्षेत्र एक इंडस्ट्रियल सेंटर के रूप में उभरा है। और इस बार बजट में हमने मिशन मेन्यूफैक्चरिंग, एक बहुत बड़ा काम हाथ में लिया है, जिसका सबसे ज्यादा लाभ यहां हो सकता है। पिछले 10 वर्षों में यहाँ सैकड़ों नए उद्योग शुरू हुए हैं, कई उद्योगों का विस्तार हुआ है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इसमें हजारों करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। ये उद्योग स्थानीय लोगों को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर दे रहे हैं। हम ये भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि रोजगार के इन अवसरों का ज्यादा से ज्यादा लाभ हमारे आदिवासी समाज को, ट्राइबल साथियों को मिले। इसी तरह, एससी, एसटी, ओबीसी महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए, यहां गीर आदर्श आजीविका योजना को भी लागू किया गया है। यहाँ छोटे डेयरी फार्म की स्थापना से स्वरोजगार के नए अवसर भी बने हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, रोजगार का एक बहुत बड़ा माध्यम पर्यटन भी है। यहां के बीच और यहां की समृद्ध विरासत बड़ी संख्या में देश-विदेश के पर्यटकों को यहां ला रहे हैं। दमन में रामसेतु, नमोपथ और टेंट सिटी के विकास से इस क्षेत्र का आकर्षण बढ़ा है। दमन का नाइट मार्केट भी पर्यटकों को खूब पसंद आ रहा है। यहां एक विशाल पक्षी विहार का निर्माण किया गया है। दुधनी में इको रिसॉर्ट बनाने की तैयारी है। दीव में समुद्री तट पर कोस्टल प्रो-मेनेड, बीच डेवलपमेंट का काम भी किया जा रहा है। 2024 में दीव बीच गेम्स का आयोजन हुआ था, जिसके बाद से लोगों में इसका आकर्षण बढ़ा है।
उन्होंने कहा,“ब्लू फ्लैग मिलने के बाद दीव का घोघला बीच भी एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल बन गया है और अब तो दीव जिले में ‘केबल कार’ का विकास किया जा रहा है। ये भारत का पहला हवाई रोप-वे होगा, जिसके माध्यम से अरब सागर का शानदार व्यू देखने को मिलेगा। यानी हमारा दादरा नगर हवेली और दमन दीव, हमारा ये संघ प्रदेश, भारत के सबसे बेहतरीन टूरिस्ट डेस्टिनेशन में शामिल हो रहा है।”
श्री मोदी ने कहा,“यहां जो कनेक्टिविटी के काम हुए हैं, उनकी भी इसमें बड़ी भूमिका है। आज दादरा के करीब बुलेट ट्रेन का स्टेशन बन रहा है। मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे सिलवासा से गुजर रहा है। पिछले कुछ वर्षों में यहां कई किलोमीटर की नई सड़कें बनी हैं और 500 किलोमीटर से ज्यादा सड़कों का निर्माण चल रहा है। इस पर हजारों करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। उड़ान स्कीम का फायदा भी प्रदेश को हुआ है। बेहतर कनेक्टिविटी के लिए यहां के एयरपोर्ट को अपग्रेड किया जा रहा है। यानी हमारी सरकार आपके विकास के लिए कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ रही है।”
उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव, विकास के साथ-साथ गुड गवर्नेंस और इज ऑफ लिविंग वाले प्रदेश भी बन रहे हैं। एक समय था, जब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे। आज यहां सरकार से जुड़े ज़्यादातर काम मोबाइल पर केवल एक क्लिक से हो जाते हैं। इस नई अप्रोच का सबसे ज्यादा फायदा उन आदिवासी इलाकों को हो रहा है, जिन्हें दशकों तक अनदेखा किया गया था। आज गांवों में स्पेशल कैंपों का आयोजन किया जाता है। लोगों की समस्याएं सुनकर वहीं समाधान का प्रयास होता है।
प्रधानमंत्री ने कहा,“मैं प्रफुल्ल भाई और उनकी टीम को ऐसे प्रयासों के लिए बधाई देता हूं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव के संघ प्रदेश के विकास के लिए हम निरंतर प्रयास करते रहेंगे। मैं एक बार फिर आज की विकास परियोजनाओं के लिए आपको बधाई देता हूं और जो शानदार स्वागत आपने किया, जो अपनेपन से जो प्यार-दुलार दिया, जो स्वागत सम्मान किया, इसके लिए मैं संघ प्रदेश के सभी नागरिकों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, बहुत-बहुत धन्यवाद।”
