भिवानी, (वार्ता) राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने हरियाणा के भिवानी में चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय से संबद्ध एक खेल महाविद्यालय की स्थापना के लिए केन्द्रीय खेल मंत्री डॉक्टर मनसुख मंडाविया को एक पत्र लिखा है।
सुश्री चौधरी यहाँ जारी बयान में बताया कि हरियाणा ने खेलों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। कुश्ती, मुक्केबाजी, कबड्डी, हॉकी और एथलेटिक्स में कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय चैंपियन तैयार किए हैं और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि राज्य में वर्तमान में केवल एक प्रमुख खेल संस्थान राई (सोनीपत) में है। सांसद ने कहा कि भिवानी में स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना से युवा एथलीटों को प्रशिक्षित करने के लिए प्रशिक्षण, शिक्षा और आधुनिक खेल सुविधाएं प्रदान करके इस अंतर को पाटने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि भिवानी जिसे अपनी असाधारण मुक्केबाजी विरासत के लिए मिनी क्यूबा के रूप में जाना जाता है, में एक समृद्ध खेल संस्कृति है, जो इसे इस तरह के संस्थान की स्थापना के लिए एक आदर्श स्थान बनाती है।
