
झाबुआ। स्थानीय कैथोलिक चर्च प्रांगण में मुख्य प्रार्थना घर में 24 दिसंबर, बुधवार रात 12 बजे से प्रभू येशू मसीह का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान फादरगणों द्वारा प्रभु येशू मसीह के संदेशों का वाचन, समाजजनों को आशीष प्रदान करने के साथ ईश्वर के जन्मोत्सव पर विशेष प्रार्थना करवाई गई। प्रार्थना में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। मुख्य प्रार्थना घर के पास झांकी दर्शन के लिए भी दिनभर समाजजनों के साथ शहर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से लोग झांकी देखने पहुंचे।
उल्लेखनीय है कि पोप फ्रांसिस द्वारा वर्ष 2025 को जुबिली वर्ष के रूप में घोषित किया गया है। जिसका विषय ‘आशी के तीर्थ यात्री’ रखा गया है। जिसके चलते पूरे जिलेभर में समाजजनों में इस वर्ष विशेष उत्साह और उल्लास देखा जा रहा है। 24 दिसंबर की रात जिला मुख्यालय पर सुंदर रूप से सजे कैथोलिक चर्च में मुख्य प्रार्थना घर में जन्मोत्सव की विशेष प्रार्थना में बड़ी संख्या में समाजजनों ने हिस्सा लिया। 12 बजते ही चर्च में घंटे बजने के साथ फादरगणों द्वारा बालक येशू को मुख्य प्रार्थना घर में लाकर मंच के समीप झांकी में विराजमान किया गया। पश्चात् फादरगणों द्वारा बालक येशू की प्रार्थना के साथ प्रभू येशू मसीह के संदेशों को प्रसारित किया गया। इस दौरान समाज के वरिष्ठ बेंजामिन निनामा एवं अन्य युवाओं द्वारा संगीत की सुंदर प्रस्तुति के साथ केरोल सांग्स गाए गए। कैथोलिक चर्च के प्रभारी फा. कैनेडी थॉमस, फा. रॉकी शाह, फा. मनीष सहित अन्य युवा फादरगणों द्वारा समाजजनों को जन्मोत्सव की विशेष प्रार्थना करवाने के साथ बताया कि प्रभू येशू मसीह ने विश्व में भाईचारे और शांति का संदेश दिया है। यह बड़े हर्ष का विषय है कि वर्ष 2025 को जुबिली वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इस दौरान समाजजनों द्वारा खुशी, शांति और भाईचारे का संदेश ना केवल झाबुआ जिले अपितु संपूर्ण विश्व में दिया जा रहा है।
प्रार्थना बाद परम प्रसाद का हुआ वितरण
फादरगणों द्वारा समाजजनों को बालक येशू के जन्मोत्सव की विशेष प्रार्थना करवाने के बाद परम प्रसाद का वितरण हुआ। प्रार्थना बाद समाजजनों ने एक-दूसरे को क्रिसमस और नववर्ष की शुभकामनाएं प्रेषित की। 25 दिसंबर, गुरूवार सुबह भी नववर्ष की विशेष प्रार्थना के साथ 31 दिसंबर एवं 1 जनवरी को भी विशेष आयोजन होंगे।
झांकी के समाजजनों ने किए दर्शन
पूरा कैथोलिक चर्च प्रांगण एवं मुख्य प्रार्थना घर दूधिया रोशनी से जगमग होने के साथ मुख्य प्रार्थना घर के पास सजी क्रिसमस की मुख्य झांकी के भी समाजजनों और शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में लोग देखने हेतु पहुंचे। जिसमंे मुख्य झांकी में बालक येशू के जन्म का वृतांत का वर्णन के साथ अलग-अलग खंडों में प्रभू येशू मसीह के संदेशों को प्रसारित किया गया। जिला मुख्यालय सहित जिले के सभी प्रार्थना घरों पर भी क्रिसमस पर विशेष आयोजन और विशेष प्रार्थना में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। समाजजनों में खुशी तथा उल्लास का माहौल रहा।
