प्रशिक्षण के साथ रोजगार शुरू करने बैंक से ऋण भी दिलाएंगे- केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान

देवास। महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा कई कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी के तहत केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने खातेगांव में निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने प्रशिक्षण के लिए आईं सभी महिलाओं से चर्चा कर उनका हौसला बढ़ाया। खातेगांव में आयोजित इस मुख्य कार्यक्रम से केंद्रीय मंत्री चौहान ने वर्चुअली माध्यम से विदिशा, सीहोर और रायसेन के प्रशिक्षण केंद्रों का भी एक साथ शुभारंभ किया। इस दौरान इन तीनों जिलों के प्रशासनिक अधिकारी और प्रशिक्षणार्थी महिलाएं ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ी।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से निरंतर कार्य किया जा रहा है। आरसेटी के माध्यम से महिलाओं को सिलाई, ब्यूटी पार्लर का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं स्वयं का रोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

चौहान ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल खातेगांव तक सीमित नहीं है, बल्कि अलग-अलग जिलों से जुड़ी महिलाओं को भी इन योजनाओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ मिल रहा है। आरसेटी के माध्यम से व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं के लिए रहने एवं भोजन की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद महिलाओं को अपना काम शुरू करने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने के लिए भी सरकार द्वारा कार्य किया जा रहा है। साथ ही युवाओं एवं महिलाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग, कौशल विकास एवं करियर काउंसलिंग जैसी गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।

केंद्रीय मंत्री चौहान ने बताया कि देवास जिले में 25 सितंबर से ‘समृद्धि अभियान’ का शुभारंभ किया जाएगा। प्रदेश में 50 लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है तथा अधिक से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देश में स्वयं सहायता समूहों को लगभग 10 लाख करोड़ रुपए तक का ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

नशा मुक्ति का दिलाया संकल्प-

केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने कहा कि नशा परिवार और समाज के विकास में बाधक है। नशे से व्यक्ति के जीवन में नकारात्मक परिवर्तन आता है और परिवार प्रभावित होता है। उन्होंने सभी से नशे से दूर रहने तथा जिले में नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी रूप से चलाने की अपील की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को नशा नहीं करने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प भी दिलाया।

रोजगार के लिए ऋण के चेक वितरित-

उन्होंने रोजगार स्थापित करने के लिए राम शंकर कौशल को 1 लाख 90 हजार रुपए तथा कमलेश राठौर को 3 लाख रुपए के ऋण वितरण के चेक प्रदान किए। लाभार्थियों ने आईसीटी के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त किया था।

विधायक आशीष शर्मा ने भी किया संबोधित-

खातेगांव विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लाड़ली बहना योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगारपरक प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं।

आरसेटी ने लिया एक वर्ष तक पौधारोपण का संकल्प- 

कार्यक्रम में आरसेटी अधिकारी ने बताया कि आरसेटी द्वारा एक वर्ष तक पौधारोपण करने का संकल्प लिया गया है। इसके तहत नियमित रूप से पौधे लगाए जाएंगे और उनके संरक्षण का कार्य भी किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री चौहान ने आरसेटी द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में लिए गए इस संकल्प की सराहना की।

बहनों ने बांधी राखी, उमड़ा स्नेह-

कौशल विकास प्रशिक्षण के शुभारंभ के उपरांत खातेगांव क्षेत्र की सैकड़ों बहनों ने केंद्रीय मंत्री चौहान की कलाई पर राखी बांधकर उनके लंबे और यशस्वी जीवन की कामना की। चौहान ने भी सभी बहनों को सुरक्षा और उनके सर्वांगीण विकास का वचन दिया।

मार्गदर्शन से मिलेगी नई उड़ान-

यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम बैंक ऑफ इंडिया स्टार ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इस कोर्स के तहत ग्रामीण महिलाओं को महिला वस्त्र निर्माण (सिलाई) का व्यावहारिक व तकनीकी कौशल सिखाया जाएगा। इसके साथ ही, उन्हें स्वयं का व्यवसाय (उद्यमिता) और स्वरोजगार स्थापित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और वित्तीय साक्षरता भी प्रदान की जाएगी।

मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान-

केंद्रीय मंत्री चौहान ‘मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह’ में सहभागिता की। खातेगांव विधानसभा क्षेत्र के कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रशस्ति पत्र और लैपटॉप का वितरण किया गया।

Next Post

दिनभर चला बारिश का दौर, बढ़ा चीलर बांध का जलस्तर

Sat Sep 5 , 2026
शाजापुर, शुक्रवार के बाद शनिवार को भी नगर में दिनभर रूक रूककर बारिश होती रही. लगातार हो रही बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई. वहीं नगर के एकमात्र चीलर बांध के जलस्त्रोत में भी जलभराव हुआ. मौसम विभाग की माने तो रविवार को भी बारिश की संभावना है. शनिवार […]

You May Like