कोलंबो,04 मार्च (वार्ता) श्रीलंका सरकार ने सत्तारुढ़ नेशनल पीपुल्स पावर (एनपीपी) के नीति सूत्र ‘एक समृद्ध देश – एक सुंदर जीवन’ को राष्ट्रीय नीति ढांचे के रूप में अपनाने को मंजूरी दे दी है।
कैबिनेट प्रवक्ता नलिंडा जयतिसा ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि नीति सूत्र का उद्देश्य विनिर्माण क्षेत्र को मजबूत करके सतत आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है, जिसका लक्ष्य 2030 तक 120 अरब अमेरिकी डॉलर के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) तक पहुंचना है।
उन्होंने बताया कि नीति ढांचा चार श्रेणियों ‘एक संतुष्ट जीवन – एक आरामदायक देश’ , ‘एक सम्मानजनक जीवन – एक सुरक्षित देश’ , ‘एक आधुनिक जीवन – एक समृद्ध राष्ट्र’ और ‘एक सम्मानजनक जीवन – एक मजबूत देश’ के रूप में संरचित है।
उन्होंने कहा कि इन चार श्रेणियों के भीतर 40 उप-क्षेत्रों की पहचान की गई है, जिनमें से प्रत्येक में विशिष्ट नीति सिद्धांत और कार्य योजनाएं हैं। उन्होंने कहा कि सभी मंत्रालयों, विभागों, राज्य संस्थाओं, प्रांतीय परिषदों और स्थानीय सरकारी निकायों को अपनी योजनाओं और कार्यों को इस ढांचे के साथ समायोजित करना है।
