दूसरे दिन जलाया तीन हजार किलो से अधिक कचरा

यूनियन कार्बाइड का 10 टन केमिकल वेस्ट जलाने की प्रक्रिया जारी

प्लांट के पास पुलिस बल तैनात, आसपास के गांव में हालत सामान्य

नवभारत न्यूज

पीथमपुर. यूनियन कार्बाइड का 10 टन केमिकल वेस्ट जलाने की प्रक्रिया दूसरे दिन भी जारी रही. शनिवार दोपहर 3 बजे तक 3240 किलोग्राम कचरा जलाया जा चुका है. खबर लिखे जाने तक कचरा जलाने की प्रक्रिया चल रही थी.

मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी श्रीनिवास द्विवेदी ने बताया कि इस प्रक्रिया में कचरे के साथ समान मात्रा में यानी 3240 किलोग्राम चूना भी मिलाया गया. फ्लू गैस को साफ करने के लिए 3.6 टन चूना, 1.8 टन एक्टिवेटेड कार्बन और 24 किलोग्राम सल्फर इस्तेमाल किया गया. इसमें करीब 21,000 लीटर डीजल खर्च हो चुका है. हर घंटे 135 किलो वेस्ट जलाया जा रहा है. शुक्रवार दोपहर 3 बजे से प्रक्रिया शुरू की गई थी. रातभर प्लांट चलता रहा. यह प्रक्रिया 3 मार्च तक चलेगी. प्लांट के पास 500 से ज्यादा पुलिस बल तैनात है. रोजाना की तरह बाजार खुले हैं. तारपुरा गांव में भी हालात सामान्य हैं. हालांकि लोगों में चिंता है, लेकिन खुलकर बोलने के लिए कोई तैयार नहीं है. पीथमपुर बचाओ समिति के अध्यक्ष हेमंत हीरोले ने बताया कि कानूनी सलाह लेकर आगामी दिनों में जबलपुर हाईकोर्ट में फिर से पक्ष रखेंगे. कानूनी लड़ाई जारी रहेगी.

 

महिलाओं ने जताया विरोध

 

इधर, महाराणा प्रताप बस स्टैंड पर कुछ महिलाएं विरोध जताने पहुंच गईं.सिर पर काली पट्टी बांध कर महिलाओ ने नारेबाजी की. पुलिस अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में महिला पुलिस मौजूद थी.

 

आठ घंटे में बदल रही शिफ्ट

 

हर 8 घंटे में शिफ्ट बदली जा रही है मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रीजनल अफसर श्रीनिवास द्विवेदी के मुताबिक इस काम में 20 से 30 लोगों का स्टाफ लगा है. हर 8 घंटे में शिफ्ट बदली जा रही है. भोपाल और दिल्ली से भी प्रदूषण विभाग निगरानी कर रहा है. तय मापदंड के अनुसार ही कचरे को इंसीनरेटर में डाला जा रहा है कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग की जा रही है. हर घंटे का डेटा तैयार किया जा रहा है.

 

850 डिग्री सेंटीग्रेड पर जला रहे कचरा

इंसीनरेटर को 27 फरवरी की रात 10 बजे से शुरू किया गया, जो लगभग 12 से 14 घंटे बिना कचरा डाले चलाया गया, ताकि प्राथमिक दहन कक्ष का तापमान 850 डिग्री सेंटीग्रेड और द्वितीयक दहन कक्ष का तापमान 1100 डिग्री सेंटीग्रेड से ज्यादा हो जाए. इसमें प्रति घंटे 500 से 600 लीटर प्रतिघंटे डीजल की खपत हो रही है. एक घंटे में 30 बैग प्राथमिक कक्ष में डाल रहे इंसीनरेटर में डालने के लिए 4.5 किलोग्राम वेस्ट में 4.5 किलोग्राम चूना मिलाकर यानी 9 किलोग्राम के बैग बनाए गए हैं. एक घंटे में 30 बैग इंसीनरेटर के प्राथमिक दहन कक्ष में डाले जा रहे हैं. इंसीनरेटर के संचालन से बनने वाली फ्लू गैस के रिफाइनमेंट के लिए स्प्रे ड्रायर, मल्टी सायकलॉन, ड्राय स्क्रबर, बैग फिल्टर, वेट स्क्रबर सभी प्रभावी ढंग से काम कर रहे हैं.

 

मॉनीटरिंग सिस्टम चल रहा

 

चिमनी से हो रहे उत्सर्जन की लगातार जांच के लिए ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम चल रहा है. इससे कार्बन मोनो ऑक्साइड, कार्बन डाई ऑक्साइड, ऑक्सीजन, हाइड्रोजन फ्लोराइड, हाइड्रोजन क्लोराइड, पर्टिकुलेट मैटर, सल्फर डाई ऑक्साइड, नाइट्रोजन के ऑक्साइड, टोटल ऑर्गेनिक कार्बन की जांच की जा रही है. रिजल्ट एमपी और केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सर्वर पर मिल रहे हैं. ऑनलाइन सिस्टम के डेटा इंसीनरेटर परिसर के बाहर स्थित डिस्प्ले बोर्ड पर भी दिख रहे हैं.

 

सभी रास्ते बंद, स्पेशल फोर्स तैनात

कंपनी के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. कंपनी परिसर के पास के सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं, नाकाबंदी की गई है. बिना पूछताछ किसी को भी कंपनी परिसर के पास जाने की इजाजत नहीं है. नजदीकी गांव तारपुरा में भी पुलिस बल तैनात है. नागरिकों को बिना कारण घर से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी गई है. प्लांट परिसर में स्पेशल आर्ड फोर्स के 130 जवान तैनात हैं. परिसर के बाहर डीएसपी रैंक के अधिकारी भी हैं.

Next Post

सरकारी भूमि का विक्रय करने पर अदालत ने लिया संज्ञान

Sat Mar 1 , 2025
  धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज करने के आदेश जबलपुर। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी भरत परमार की अदालत ने शासकीय भूमि का विक्रय कर राशि हड़प करने के मामले में संज्ञान लिया है। अदालत ने अनावेदक रांझी गोकलपुर निवासी रोहित कुमार नामदेव पिता नंदकिशोर नामदेव के खिलाफ धोखाधड़ी का आपराधिक प्रकरण […]

You May Like