शिवपुरी: बैंक कर्मचारी देशभर में 24 और 25 मार्च को हड़ताल करने जा रहे हैं। इसके पहले बैंक कर्मचारी अपने बैंकों में कार्य के दौरान प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी सिलसिले में शिवपुरी में भी बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले ये प्रदर्शन और हड़ताल होने वाली है। शिवपुरी सहित दतिया और श्योपुर में सभी बैंकों में प्रतिकात्मक बैज धारण करके कर्मचारियों ने विरोध जताया।
भारतीय स्टेट बैंक अधिकारी संघ के क्षेत्रीय सचिव हेमंत उपाध्याय ने बताया कि बैंकों में कर्मचारियों की कमी है और काम लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में कार्य सही समय पर नहीं हो पाता है। संघ लंबे समय से प्रबंधन से कर्मचारियों की भर्ती की मांग कर रहा है। इसके अलावा हर हफ्ते पांच कार्य दिवस नहीं है। इसके लिए भी मांग रखी गई है। इन्हीं मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 24 और 25 मार्च को राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। हड़ताल के पूर्व आंदोलनात्मक कार्यक्रमों के तहत सभी बैंक अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा विरोध स्वरूप बैज धारण किए गए।
