श्रीनगर, (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर हवाई अड्डे पर बर्फबारी और खराब दृश्यता के कारण गुरुवार शाम तीन उड़ानें बाधित रहीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दो उड़ानें श्रीनगर हवाई अड्डे पर उतरने में असमर्थ रहीं, जबकि एक अन्य, जो पहले आ चुकी थी, शाम को खराब मौसम के कारण उड़ान नहीं भर सकी।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को उड़ानों का परिचालन मौसम की स्थिति पर निर्भर करेगा।
श्रीनगर में गुरुवार शाम को ताजा बर्फबारी हुई, जबकि पिछले 24 घंटों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
श्रीनगर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने 28 फरवरी की दोपहर तक अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी तथा छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है। इसके बाद मौसम में सुधार होने की संभावना है।
