महाकुंभ मेला के लिए 16 हजार से अधिक ट्रेनों का किया गया संचालन: वैष्णव

महाकुंभनगर, 27 फरवरी (वार्ता) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि महाकुंभ के अवसर पर प्रयागराज के लिये रेलवे ने 13 हजार ट्रेनों के संचालन की योजना बनाई थी, लेकिन श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित संख्या को देखते हुए 16 हजार से अधिक ट्रेनों का सफल संचालन किया गया।

श्री वैष्णव ने गुरूवार को यहां रेलवे अधिकारियों से मुलाकात कर महाकुंभ के दौरान रेलवे की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि महाकुंभ का यह आयोजन भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह भव्य आयोजन संभव हुआ, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रमुख भूमिका रही। उन्होंने बिहार और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्रियों का भी आभार जताया, जिनके सहयोग से रेलवे ने बेहतर समन्वय स्थापित किया और श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा की सुविधा दी।

रेल मंत्री ने बताया कि प्रारंभ में रेलवे ने 13 हजार ट्रेनों के संचालन की योजना बनाई थी, लेकिन श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित संख्या को देखते हुए 16 हजार से अधिक ट्रेनों का सफल संचालन किया गया। इस दौरान लगभग 4.5 से 5 करोड़ श्रद्धालु सुरक्षित रूप से महाकुंभ पहुंचे और संगम स्नान का पुण्य लाभ प्राप्त किया। रेलवे ने राज्य पुलिस, आरपीएफ, जीआरपी और रेपिड़ एक्शन फोर्स के साथ मिलकर अभूतपूर्व समन्वय स्थापित किया, जिससे यातायात और भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाया जा सका।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशानुसार, श्रद्धालुओं को केवल भीड़ न समझकर उनकी श्रद्धा और भक्ति को प्राथमिकता दी गई। इसी दृष्टिकोण से रेलवे ने कई नवाचार किए, जिनमें खुशरोबाग, झूंसी, नैनी, छिवकी, प्रयाग जंक्शन और प्रयागराज जंक्शन में बड़े होर्डिंग एरिया विकसित किए गए। इससे यात्रियों को सुगमता मिली और भीड़ नियंत्रण प्रभावी ढंग से किया गया। महाकुंभ के 45 दिनों के इस महा आयोजन में रेलवे के विभिन्न विभागों ने अत्यंत समन्वित रूप से कार्य किया, जिससे संपूर्ण व्यवस्थाएं सुचारु बनी रही और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी गई।

रेल मंत्री ने कहा कि इस महाकुंभ से मिली सीख को रेलवे मैनुअल में स्थायी रूप से शामिल किया जाएगा, ताकि भविष्य में अन्य बड़े आयोजनों में इसका लाभ उठाया जा सके। उन्होंने कहा कि रेलवे इस ऐतिहासिक अनुभव के आधार पर अपने भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं में नए सुधार लाएगा, जिससे देशभर में यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

 

Next Post

एचसीएल टेक ने हैदराबाद में नई विश्व स्तरीय केंद्र का किया शुभारंभ

Thu Feb 27 , 2025
हैदराबाद, 27 फरवरी (वार्ता) वैश्विक सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सेवा कंपनी एचसीएल टेक ने गुरुवार को हैदराबाद में अपनी नई अत्याधुनिक केंद्र का शुभारंभ किया। कंपनी का यह नया केंद्र 3.2 लाख वर्ग फीट में फैली है और इससे 5,000 नई नौकरियों के अवसर सृजित होंगे। इसका उद्घाटन तेलंगाना के मुख्यमंत्री […]

You May Like

मनोरंजन