जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आरटीआई की जानकारी नही मिलने की शिकायत पर विवादों में घिरे डीईओ द्वारा दिया जाता है गैर जिम्मेदाराना जवाब
सीधी : जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आरईआई की जानकारी नहीं मिलने की शिकायत पर विवादों में घिरे डीईओ द्वारा गैर जिम्मेदाराना जवाब दिया जाता है। जानकारी न मिलने शिकायत उनके पास आने पर सीधा जवाब होता है कि आरटीआई की जानकारी नहीं मिल रही तो अपील कर दो।जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.प्रेमलाल मिश्रा की कार्यशैली शुरू से ही विवादित रही है। इसी वजह से स्कूलों में भी आरटीआई के तहत लगने वाले आवेदनों पर जानकारी देने में हीला-हवाली की जाती है।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में आरटीआई का नियम बेअसर हो चुका है। ऐसा ही मामला सामने आया है। आदित्य नारायण सिंह द्वारा सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 की धारा (6)1 के अंतर्गत दो बिन्दुओं पर जानकारी के लिये दिनांक 8 अक्टूबर 2024 को आवेदन जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सीधी में दिया गया था। आवेदन में मांग की गई थी कि माध्यमिक शिक्षक श्रीमती रमा पाण्डेय माध्यमिक शाला खरहना एवं प्रकाश पाण्डेय जनशिक्षक शाउमावि भरतपुर, वर्तमान वरिष्ठ अध्यापक शाउमावि देवदहा, जिला मैहर के विकलांगता परीक्षण से संबंधित विभाग द्वारा की गई समस्त कार्यवाई की छायाप्रति सहित जानकारी उपलब्ध करायी जाय। वहीं दूसरे बिन्दु में मांग की गई थी कि माध्यमिक शिक्षक श्रीमती रमा पाण्डेय माध्यमिक शाला खरहना संकुल भरतपुर के फर्जी नियुक्ति संबंधित समस्त जानकारी, एसडीएम चुरहट के प्रतिवेदन एवं विभाग द्वारा की गई समस्त कार्यवाई की छायाप्रति सहित जानकारी उपलब्ध करायी जाय। करीब साढ़े 4 माह बाद भी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से संबंधित जानकारी नहीं दी गई।
अवैध नियुक्ति के जांच प्रतिवेदन की नहीं दी गई जानकारी
संकुल भरतपुर अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला खरहना में पदस्थ माध्यमिक शिक्षक श्रीमती रमा पाण्डेय की फर्जी नियुक्ति मामले में चुरहट एसडीएम के जांच प्रतिवेदन एवं विभाग द्वारा की गई समस्त कार्यवाईयों के संबंध में जानकारी नहीं दी जा रही है। फर्जी नियुक्ति का मामला उजागर हो चुका है और चुरहट एसडीएम के जांच प्रतिवेदन में भी इसका उल्लेख है। फिर भी डीईओ द्वारा इस मामले में कार्यवाई करने की बजाय सालों से इसे ठंडे बस्ते में कैद कर दिया गया है।
आरटीआई में मांगी गई जानकारी की गायब हो गई फाईल!
जनपद पंचायत रामपुर नैकिन की तत्कालीन जनपद सदस्य श्रीमती रमा पाण्डेय द्वारा शिक्षाकर्मी वर्ग-3 में अपनी नियुक्ति स्वयं ही समिति में शामिल होकर कर ली गई थी। यह फर्जीवाड़ा उजागर होने के बाद भी सालों से इस पर कार्यवाई करने की जरूरत नहीं समझी जा रही है। उच्च स्तरीय राजनैतिक दबाव के चलते आरटीआई में मांगी की गई नियुक्ति से संबंधित जानकारी नहीं दी जा रही है। ऐसे में यह चर्चा है कि आरटीआई में मांगी गई जानकारी की फाईल गायब हो चुकी है।
इनका कहना है
आरटीआई की जानकारी नही मिलने की शिकायत को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी सीधी का अपील करने वाले जवाब के बारे में मैं उनसे चर्चा करुंगा।
के.पी.तिवारी, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण रीवा
मेरे कार्यकाल से आरटीआई की जानकारी निर्धारित समय सीमा में नही मिल रही है तो अपील कर दी जाये।
डॉ.प्रेमलाल मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी सीधी
