सोने का आयात नवंबर में 59 प्रतिशत घटा, चांदी में 125 प्रतिशत की वृद्धि

नयी दिल्ली, 15 दिसंबर (वार्ता) सोने के आयात मूल्य में नवंबर में 59 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी जबकि चांदी में 125 प्रतिशत की तेज वृ्द्धि रही।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, नवंबर में 402.1 करोड़ डॉलर का सोना आयात किया गया। पिछले साल नवंबर में स्वर्ण आयात का मूल्य 984.39 करोड़ डॉलर रहा था। यह 59.15 प्रतिशत की गिरावट दर्शाता है। चांदी का आयात 125.40 फीसदी बढ़कर 107.50 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया। यह नवंबर 2024 में 47.69 करोड़ डॉलर रहा था। आंकड़ों में बताया गया है कि चालू वित्त वर्ष के पहले आठ महीने में अप्रैल से नवंबर के दौरान सोने का आयात 3.33 फीसदी बढ़ा है और 4,525.98 करोड़ डॉलर पर रहा। वहीं, 701.38 करोड़ डॉलर की चांदी आयात की गयी जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 135.95 प्रतिशत अधिक है।

वहीं, नवंबर में देश से गहने-जेवरातों का निर्यात 27.8 प्रतिशत बढ़कर 264.14 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया। यह पिछले साल नवंबर में 206.69 करोड़ डॉलर रहा था। उल्लेखनीय है कि सोने की ऊंची कीमतों के कारण आम लोगों के बीच इसकी खरीद कम हुई है। इस कारण आयात में गिरावट आयी है। वहीं, चांदी की मांग बढ़ रही है, हालांकि उसके दाम भी काफी तेजी से बढ़े हैं।

Next Post

शेयर बाजारों में गिरावट, सेंसेक्स 54 अंक फिसला

Mon Dec 15 , 2025
मुंबई, 15 दिसंबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को गिरावट रही और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 54.30 अंक (0.06 प्रतिशत) फिसलकर 85,213.36 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 19.65 अंक यानी (0.08 प्रतिशत) गिरकर 26,027.30 अंक पर रहा। बाजार में […]

You May Like