
ग्वालियर, 22 फरवरी (वार्ता) लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी जयंती पर मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक कार्यक्रम का आयोजन कल सुबह 10 बजे से आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मुख्य अतिथि के रूप में एवं केन्द्रीय पशुपालन डेयरी मंत्री एसपीएस बघेल की अध्यक्षता में होगा।
अहिल्याबाई कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष राजेन्द्र पाल सिंह ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्हाेंने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन अहिल्याबाई कल्याण बोर्ड द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर सामाजिक, राजनैतिक, शिक्षा, खेल के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाली बेटियों और महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
पहली बार हो रहे इस कार्यकम में ग्वालियर चंबल संभाग के विभिन्न जिलों से पाल, बघेल, धनगर, होल्कर मराठा समाज से बडी संख्या में सामाजिक बंधू उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर एक भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। अध्यक्ष श्री पाल ने बताया कि बोर्ड समाज कल्याण, समाज सुधार की दिशा में कार्य करता है। इस अवसर पर डाॅ प्रकाश बघेल, संतोष पाल, अशोक पाल, गिरीश पाल आदि मौजूद थे।
