
इटारसी। पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबंधक शोभना बंधोपाध्याय के इटारसी प्रवास के दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने उनसे मुलाकात कर रेलवे और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। स्टेशन अधीक्षक कार्यालय में हुई इस बैठक में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा तथा सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने स्टेशन की बदहाली और लंबित विकास कार्यों का मामला प्रमुखता से उठाया।
अमृत भारत योजना की सुस्त रफ्तार पर चिंता
विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने जीएम के समक्ष रेलवे स्टेशन पर चल रहे अमृत भारत योजना के कार्यों की धीमी गति पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि काम धीमा होने के कारण स्टेशन के सामने की व्यवस्थाएं पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी हैं और यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने अन्य प्रमुख मांगें रखीं।
रेलवे कॉलोनी की सड़कें : वार्ड 33 एवं 34 रेलवे कॉलोनी की अंदरूनी सड़कों और एप्रोच रोड निर्माण की अनुमति न मिलने का मुद्दा उठाया। जीएम ने इस पर सकारात्मक रास्ता निकालने का आश्वासन दिया।
अंडरपास व मंदिर मार्ग : नर्मदापुरम में आदमगढ़ अंडरपास का मामला और हिंगलाज देवी मंदिर रास्ते की सड़क निर्माण की मांग रखी गई।
ट्रेनों के स्टॉपेज और जाम की समस्या
क्षेत्रीय सांसद दर्शन सिंह चौधरी और उनके प्रतिनिधि योगेन्द्र राजपूत ने इटारसी जंक्शन पर कुछ प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग रखी। इसके अलावा उन्होंने स्टेशन के आसपास के नागरिक मुद्दों पर भी जीएम का ध्यान आकर्षित किया।
नाला मोहल्ला जाम : जंक्शन के सामने नाला मोहल्ला रोड पर लगने वाले भारी जाम की समस्या से अवगत कराया।
माल गोदाम शिफ्टिंग : शहर के बीचों-बीच माल गोदाम को शिफ्ट करने की मांग दोहराई ताकि यातायात सुगम हो सके।
जीएम ने दिया जल्द निराकरण का भरोसा
सभी जनप्रतिनिधियों की मांगों को गंभीरता से सुनने के बाद जीएम श्रीमती शोभना बंधोपाध्याय ने विश्वास दिलाया कि अमृत भारत योजना के कार्यों में गति लाई जाएगी। उन्होंने कॉलोनी की सड़कों और अंडरपास से जुड़े तकनीकी मामलों की समीक्षा कर जल्द से जल्द निराकरण करने का भरोसा दिया।
