
187.43 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन
जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 फरवरी को जबलपुर के अपने प्रस्तावित प्रवास के दौरान 187.43 करोड़ की लागत से जिले के 14 लोकोपयोगी कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण करेंगे। जिसमें 4.07 करोड़ की लागत से बने कुंडम के बंजर में आदिवासी सीनियर छात्रावास भवन, 1.16 करोड़ की लागत से सिहोरा में अनुविभागीय राजस्व कार्यालय भवन, 4.72 करोड़ की लागत से पनागर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 8 ग्रामों में नलजल योजना का निर्माण, 1.06 करोड़ की लागत से पाटन के दो ग्रामों में नलजल योजना का निर्माण, 3.09 करोड़ की लागत से बरगी के तीन ग्रामों में नलजल योजना का निर्माण, 3.32 करोड़ की लागत से सिहोरा के 6 ग्रामों में नलजल योजना का निर्माण, 12.87 करोड़ की लागत से मंझौली में जल प्रदाय, 68.09 करोड़ की लागत से सिहोरा में जल प्रदाय, 26.80 करोड़ की लागत से केंट में तीरंदाजी अकादमी का निर्माण, 1.50 करोड़ की लागत से पूर्व विधानसभा क्षेत्र में 6 आयुष्मान आरोग्य मंदिर मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक का निर्माण का लोकार्पण किया जायेगा। इसी प्रकार नगर निगम क्षेत्र उमरिया में 10 करोड़ की लागत से गौशाला का निर्माण, 43 करोड़ की लागत से जबलपुर मंडला मार्ग के अंतर्गत जबलपुर में पेंटीनाका चौक पर फ्लाई ओव्हर का निर्माण कार्य, 6.17 करोड़ की लागत से जबलपुर में 100 सीटर श्रमिक विश्राम गृह का निर्माण कार्य व 1.59 करोड़ की लागत से सुकरी में बालिका छात्रावास निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया जायेगा।
राँझी में 26.80 करोड़ से बने खेल परिसर का लोकार्पण.
प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और अंतर्राष्ट्रीय मापदंडों के अनुरूप खेल सुविधाओं के विकास के लिये प्रतिबद्ध मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव बुधवार 19 फरवरी के जबलपुर के अपने प्रस्तावित प्रवास के दौरान संस्कारधानी वासियों को राँझी खेल परिसर के रूप में बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत लगभग 26 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से बनाये गये इस खेल परिसर का लोकार्पण करेंगे।राँझी में जबलपुर इंजीयनियरिंग कॉलेज की करीब 12.7 एकड़ क्षेत्र में निर्मित अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त खेल परिसर में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की ट्रेक एंड फील्ड स्पर्धाएं आयोजित की जा सकेंगी। यहाँ 400 मीटर का आठ लेन सिंथेटिक एथेलेटिक ट्रेक बनाया गया है। अकेले इस सिंथेटिक एथेलेटिक ट्रेक के निर्माण पर ही 6 करोड़ 95 लाख रुपये खर्च किये गये हैं। सिंथेटिक एथेलेटिक ट्रैक को चेन लिंक फेंसिंग से कव्हर किया गया है और पाथ वे भी बनाया गया है। राँझी खेल परिसर में फुटबॉल की प्रतियोगिता भी आयोजित की जा सकेंगी।
