जीवन में प्रगति के लिये शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण: पटेल

ग्वालियर/भोपाल, 17 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि जीवन में प्रगति के लिये शिक्षा सबसे जरूरी है। शिक्षा के बिना कोई भी व्यक्ति या समाज प्रगति नहीं कर सकता।

श्री पटेल ने आज ग्वालियर की ग्राम पंचायत चैत में सहरिया समुदाय से संवाद करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि सहरिया समुदाय के लोगों को अपने बच्चों को शिक्षित करने की दिशा में कार्य करना सबसे महत्वपूर्ण हैं, बेटे के साथ-साथ बेटी को भी शिक्षित करें, तभी हम प्रगति की मुख्य धारा से जुड़ सकेंगे।

राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सहरिया, भारिया एवं बैगा समुदाय के सम्पूर्ण विकास के लिये केन्द्र सरकार की ओर से 24 हजार करोड़ रूपए की राशि का प्रावधान किया है। इसके माध्यम से इन समुदाय के लोगों को आवास, बिजली, पानी, स्वास्थ्य जैसी महत्वपूर्ण सेवाएँ उपलब्ध कराई जायेंगी। पीएम जनमन योजना के तहत 11 मूलभूत सुविधाओं को 9 विभागों के माध्यम से उपलब्ध कराया जायेगा। इस योजना का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों को मिले, इसके सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की अनेक कल्याणकारी योजनाएँ समाज के उत्थान के लिये संचालित हैं। इन योजनाओं का लाभ लेकर सहरिया परिवारों को अपने जीवन स्तर को और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करने की आवश्यकता है। राज्यपाल ने कहा कि सहरिया परिवार में रानी दुर्गावती, रानी कमलावती और बिरसा मुण्डा जैसे महान लोग हुए हैं, जिन्होंने समाज और देश के लिये अनेक कार्य किए हैं। हम सबको इनसे प्रेरणा लेकर अपने समाज को आगे बढ़ाने के लिये कार्य करना चाहिए।

श्री पटेल ने ग्राम पंचायत चैत में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्मित आवास का भी अवलोकन किया। राज्यपाल श्री पटेल ने श्री अजमेर आदिवासी के निवास पर पहुँचकर उनके आवास का अवलोकन किया और योजना के संबंध में हितग्राही से चर्चा भी की। उन्होंने हितग्राही के निवास पर सह-भोज भी किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में सीईओ जिला पंचायत विवेक कुमार ने बताया कि सहरिया परिवारों के लिये प्रशासन की ओर से अनेक कार्य किए गए हैं। इन परिवारों को आधार-कार्ड, आयुष्मान-कार्ड, लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी जैसी अनेक योजनाओं का लाभ दिया गया है। पीएम जनमन योजना के तहत चयनित हितग्राहियों को पक्के आवास की भी सुविधा मुहैया कराई गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भी आवास प्रदान किए गए हैं। बच्चों की शिक्षा के लिये आंगनबाड़ी और प्राथमिक विद्यालय भी ग्राम पंचायत में संचालित है।

सहरिया परिवार से संवाद कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश सिंह जाटव, विधायक मोहन सिंह राठौर, ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, जिला कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह सहित जन-प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में सहरिया समुदाय के लोग उपस्थित रहे।

 

 

Next Post

यादव की अध्यक्षता में जीआईएस आयोजन के लिये शीर्ष-समिति गठित

Mon Feb 17 , 2025
भोपाल, 17 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में भोपाल में 24-25 फरवरी को आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2025 के आयोजन की तैयारियों, आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करने, विभिन्न विभागों के समन्वय स्थापित करने एवं समिट के व्यवस्थित आयोजन के लिये शीर्ष समिति का गठन किया […]

You May Like