
रायसेन। किसान जागृति संगठन के प्रमुख इरफान जाफरी के नेतृत्व में किसानों का एक प्रतिनिधि मंडल पुलिस अधीक्षक पंकज पांडे से मिला और नकली खाद प्रकरण को लेकर 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि ग्राम बागौद में पकड़ी गई नकली डीएपी खाद की जांच में कई महत्वपूर्ण पहलुओं को शामिल किया जाए। इसमें इंदौर निवासी पराग जैन द्वारा खाद की नई बोरियां सप्लाई करने और शाहिद को उपलब्ध कराने के तथ्यों की जांच, जब्त किए गए ट्रक में मिली नई बोरियों की जानकारी, पराग जैन के सप्लाई नेटवर्क, बोरियों की छपाई कराने वाली फैक्ट्री और उससे जुड़े व्यक्तियों की भूमिका की जांच की मांग की गई।
इसके अलावा यह भी कहा गया कि नकली खाद बेचने की इस पूरी चैन का भंडाफोड़ कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा सभी संलिप्त व्यक्तियों पर रासुका लगाई जाए। संगठन ने इसे किसानों और देश की अर्थव्यवस्था पर सीधा आघात बताया।
प्रतिनिधि मंडल में संगठन के कार्यालय प्रभारी विजय चौकसे, राजेंद्र सिंह राजपूत और मलखान सिंह ठाकुर शामिल रहे।
