इंदौर: कनाड़िया थाना क्षेत्र में हो रहे निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा उपायों की अनदेखी एक मजदूर की जान पर भारी पड़ गई. झलारिया स्थित रूचि लाइफस्पेस कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान में करंट लगने से 18 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई. पुलिस ने ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है.कनाड़िया पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 18 वर्षीय नरायण बघेल निवासी ग्राम रोजिया वीरपुर, जिला धार के रूप में हुई है.
घटना 30 जनवरी की दोपहर की बताई जा रही है. करीब 12:30 बजे निर्माण स्थल पर कार्य करते समय मिक्सर मशीन में करंट फैल गया, जिससे नरायण की मौके पर ही मौत हो गई. मजदूरों का आरोप है कि निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे बनबारीलाल (निवासी संजोगपुरी, विजय नगर) और बिंदु कृष्णनन (निवासी चंद्र नगर, एम.आर. 09 रोड, विजय नगर) ने सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी की. मजदूरों ने कई बार बिजली के कटे तारों को बदलने की मांग की थी, लेकिन लापरवाही बरती गई, जिससे यह हादसा हुआ. पुलिस ने धारा 106(1) और 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की, साथ ही ठेकेदारों की भूमिका की जांच की जा रही है.
