सीएम की सौगात: 305410 किसानों के खातों में पहुंचे 238.78 करोड़

श्योपुर/मुरैना। जिले के बड़ौदा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखे तंज कसे। मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 305410 प्रभावित किसानों के खातों में 238 करोड़ 78 लाख रुपए की मुआवजा राशि अंतरित की। श्योपुर, हरदा, विदिशा, नर्मदापुरम, धार और खंडवा जिलों के 2148 ग्रामों के किसानों को इस राहत पैकेज का सीधा लाभ मिला है। श्योपुर के किसानों को मुआवजे का सबसे बड़ा हिस्सा मिला है। फसल क्षति की मार झेल रहे श्योपुर जिले के 10,078 धान प्रभावित किसानों के खातों में 100 करोड़ 83 लाख रुपए पहुंचे। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना, प्रभारी मंत्री समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि जब भी किसानों पर संकट आया है, भाजपा सरकार ढाल बनकर खड़ी हुई है। कांग्रेस की सरकारें 70 साल रहीं, पर किसान के पसीने की कीमत कभी नहीं समझीं। सीएम ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कान खोलकर सुन लें कांग्रेसी, उन्होंने चवन्नी कभी दी नहीं। हम 16 हजार प्रति हेक्टेयर का लाभ दे रहे हैं। कांग्रेस तीन हजार हेक्टेयर भी नहीं देती थी।

*पप्पू और पप्पू की मम्मी की सरकार खत्म*

मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस कह रही थी भावांतर का पैसा नहीं देंगे। आकर देख लो कांग्रेसी, जो कहा है वो पूरा कर दिखाया है। पप्पू और पप्पू की मम्मी की सरकार खत्म हो गई। भगवान राम का प्रमाण मांगने वाले कांग्रेसी आज राम मंदिर जगमगाता देख रहे हैं। कांग्रेसी गोपाल कृष्ण भगवान की जय नहीं बोल सकते, बोलते ही बुखार आ जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों, गरीबों और सनातन परंपरा की वास्तविक चिंता करती है। किसान सम्मान निधि 70 साल कांग्रेस ने नहीं दी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी। मध्यप्रदेश में हमने यही राशि दोगुनी की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा किसान खेत में है, जवान सीमा पर है। दोनों की चिंता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करते हैं। भाजपा सरकार खेत से लेकर मंडी तक किसान का हर दर्द समझती है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना ने गांवों में विकास की नई क्रांति लाई।साथ ही, उन्होंने नदी जोड़ो परियोजना रोकने के लिए कांग्रेस पर निशाना साधा।

*किस जिले को कितनी मिली मुआवजा राशि*

हरदा के 95989 किसानों को सोयाबीन क्षति पर 71.52 करोड़, विदिशा के 51830 किसानों को सोयाबीन और उड़द में नुकसान पर 29.15 करोड़, नर्मदापुरम के 22779 किसानों को 19.84 करोड़, धार के 19173 किसानों को 1031 करोड़, और खंडवा के 12961 किसानों को पीला मौजेक कीट से प्रभावित फसलों के लिए 7.13 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है।

*इन विकास कार्यों का किया लोकार्पण और शिलान्यास*

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। सेसईपुरा में 2.75 करोड़ का आदिवासी बालक आश्रम भवन, श्योपुर में 14.80 करोड़ की लागत से नर्सिंग कॉलेज भवन, 14.95 करोड़ की लागत से 50 बिस्तरीय एकीकृत आयुष अस्पताल, 96 लाख की लागत से बागवानी एवं खाद-प्रसंस्करण ज्ञान प्रसार केंद्र, लहरौनी 2.61 करोड़, बलावनी 2.53 करोड़ और डाबीपुरा 2.49 करोड़ में नए 33/11 केवी उपकेंद्रों का शिलान्यास किया गया.

*बड़ौदा और श्योपुर के लिए की कई घोषणाएं*

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कई घोषणाएं की। बड़ौदा में बाढ़ समस्या से निपटने बड़े नाले का निर्माण, पुलिस थाने के पास नई पुलिया का निर्माण, बड़ौदा में गीता भवन का निर्माण, चंद्रसागर पर्यटन स्थल एवं शिव मंदिर का जीर्णोद्धार, श्योपुर को पर्यटन का केंद्र बनाने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्योपुर में बार-बार आऊंगा, यहां का विकास हमारी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने चीता प्रोजेक्ट को लेकर कहा कि इसकी सफलता ने श्योपुर को विश्व पहचान दिलाई है।

*मुरैना में 70 करोड़ के आयुर्वेदिक कॉलेज का भूमिपूजन, छात्रावास एवं विद्यालय का शुभारंभ*

इसके उपरांत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुरैना पहुंच कर 162.55 करोड़ रु की महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व भूमिपूजन किया। इन विकास कार्यो में नया आयुर्वेदिक महाविद्यालय, 100 बिस्तरीय अस्पताल, न्यू तहसील भवन और कई शैक्षिक संस्थान शामिल हैं. मुरैना में मुख्य कार्यक्रम एसएएफ पुलिस ग्राउंड में आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में 70 करोड़ रु लागत का नया आयुर्वेदिक महाविद्यालय भवन प्रमुख सौगात रही. इसी परिसर में 100 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक आयुर्वेदिक अस्पताल भी विकसित किया जाएगा, जिससे जिले में चिकित्सा सुविधाओं में बड़ा विस्तार होगा. सीएम मोहन यादव ने सभा में जाते समय वीआईपी रोड पर मुरैना तहसील कार्यालय एवं अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय का लोकार्पण किया। सीएम ने इसके अलावा सांदीपनी उमा विद्यालय और अंबाह में 50 सीटर अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास नव-निर्मित भवनों का वर्चुअल लोकार्पण भी किया।

*कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल को पुलिस ने नजरबंद किया*

बड़ौदा में मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल को पुलिस प्रशासन ने नजरबंद कर दिया। विधायक जंडेल ने बताया कि वे मुख्यमंत्री से क्षेत्र की समस्याओं को लेकर मुलाकात करना चाहते थे, लेकिन प्रशासन द्वारा उन्हें समय नहीं दिया गया। उनका आरोप है कि कांग्रेस विधायक होने के कारण पुलिस ने उन्हें नजरबंद कर दिया।सिटी कोतवाली प्रभारी सतीश चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विधायक को पाली रोड स्थित उनके प्रतिष्ठान से सुरक्षा में लिया। इसके बाद पुलिस उन्हें उनके निवास लेकर पहुंची और करीब एक घंटे तक नजरबंद रखा। इसके बाद पुलिस फोर्स उन्हें सिटी कोतवाली लेकर पहुंची।

Next Post

मणिपुर के 37,000 साल पुराने बांस से उजागर हुआ एशिया के हिमयुग का रहस्य

Thu Nov 27 , 2025
नयी दिल्ली, 27 नवंबर, (वार्ता) मणिपुर की इम्फाल घाटी में पौधों के अवशेषों की जांच कर रहे शोधकर्ताओं को चिरांग नदी की गाद से आश्चर्यजनक रूप से अक्षुण्ण बांस का एक तना मिला है जो 37,000 साल पुराना है और जिसमें बहुत समय पहले लुप्त हो चुके कांटों के अतिप्राचीन […]

You May Like

मनोरंजन