भिंड: दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर कार्यकर्ताओं ने परेड चौराहे पर जश्न मनाया। इस अवसर पर मिठाई वितरण और आतिशबाजी की गई। भाजपाइयों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के समर्थन में नारेबाजी करते हुए दिल्ली की जनता को इस जनादेश के लिए धन्यवाद दिया।भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरवरिया ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता के विश्वास का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने भ्रष्टाचार और झूठ की राजनीति करने वाले नेताओं को नकारते हुए विकास के एजेंडे को समर्थन दिया है। गोरमी कस्बे में भी बीजेपी की जीत पर खुशी जाहिर करते भाजपाईयों ने मिठाई बांटी।विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की जीत सुशासन और विकास की नीति की जीत है। उन्होंने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने भ्रष्टाचार में लिप्त अरविंद केजरीवाल और उनके सहयोगियों को करारा जवाब दिया है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष सुभाष थापक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी लगातार जीत दर्ज कर रही है। उन्होंने कहा कि 27 साल बाद भाजपा की शानदार वापसी से कार्यकर्ताओं का उत्साह दोगुना हो गया है। इस दौरान राजकुमार जैन, सुरेंद्र जैन, जयवीर पुरोहित, विनोद यादव, मोनू शर्मा, राहुल राजौरिया, रणवीर परमार, गोपाल नरवरिया समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
