इंदौर: शहर में महात्मा गांधी और सरदार वल्लभ भाई पटेल की नई प्रतिमाएं स्थापित होगी. साथ ही दोनों प्रमुख चौराहों का सौंदरीकरण किया जाएगा. दोनों चौराहे के विकास की मंजूरी का प्रस्ताव एमआईसी में रखा जाएगा.महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने आज मीडिया से बातचीत में बताया कि आगामी एमआईसी बैठक में निर्णय लेकर रीगल चौराहा पर गांधी प्रतिमा और पटेल ब्रिज छोटी ग्वालटोली पर वल्लभभाई पटेल प्रतिमा को बदला जाएगा. दोनों प्रतिमाएं पुरानी हो गई है. प्रतिमाओं में क्रैक्स आ गए है. पुरानी प्रतिमाओं की जगह नई आकर्षक, सुंदर और संदेश देने वाली प्रतिमा स्थापित होगी. साथ ही दोनों चौराहे को आकर्षक और मनमोहक बनाया जाएगा.
महापौर ने बताया कि अगली एमआईसी में संकल्प लेकर प्रस्ताव पास कर सबकी सलाह के साथ सौंदर्यीकरण करने का विचार है. महापौर ने कहा कि शहर के पुराने गांधी वादी विचारक, कांग्रेस के वरिष्ठ साथी, शहर के सभी जनप्रतिनिधियों के साथ निर्णय लेकर दोनों चौराहों का सौंदरीकरण करेंगे. ध्यान रहे कि 30 जनवरी को कांग्रेस ने गांधी जी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा के क्रैक्स के फोटो सोशल मीडिया के माध्यम से चलाए थे. महापौर और वर्तमान नगर निगम परिषद का ध्यान आकर्षित किया था. महापौर ने उक्त मुद्दे को गंभीरता से लेकर तुरंत निर्णय करने का फैसला लिया है.
