
भोपाल, 31 जनवरी. बैरागढ़ इलाके में रहने वाली एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. घटना से पहले उसने एक साल की बच्ची को कमरे में सुला दिया था. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराने के बाद लाश परिजन को सौंप दी है. मायके वालों के बयान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. जानकारी के अनुसार वर्षा रजक (26) ग्राम अकोदिया थाना गुनगा की रहने वाली थी. दिसंबर 2022 में उसकी शादी बैरागढ़ कला निवासी सुनील रजक के साथ हुई थी. सुनील एक बर्तन की दुकान पर काम करता है. दोनों की एक साल की बेटी है. सुनील की बहन और जीजा भी उसी मकान के एक हिस्से में रहते हैं. गुरुवार सुबह सुनील अपने काम पर चला गया था, जबकि पत्नी और बेटी घर पर थी. सुबह करीब ग्यारह बजे सुनील की बहन काम से बाहर निकली. वापस लौटने पर देखा कि कमरे में बच्ची सो रही है, जबकि भाभी वर्षा दिखाई नहीं दी. वह उसे देखने के लिए छत पर पहुंची तो वर्षा निर्माणाधीन मकान के लिए बनाए गए कालम की रॉड से फांसी पर लटकी मिली. बहन ने लोगों की मदद से उसे फंदे से उतारा और इलाज के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मामला नवविवाहिता से जुड़ा होने के कारण जांच एसीपी द्वारा की जाएगी.
