छात्राओं ने टेलेंट, मस्ती और क्रिएटिविटी से जीता सबका दिल

जबलपुर: माता गुजरी महिला महाविद्यालय का परिसर सुबह से ही खिलखिलाहट, संगीत और उत्साह से सराबोर दिखाई दिया। हायर सेकेंडरी की छात्राओं के लिए आयोजित दो दिवसीय ‘पिंक फेस्ट’ की शुरुआत शबद-कीर्तन और मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुई। पूरा परिसर गुलाबी सजावट, गुब्बारों और रंगीन पोस्टरों से सजा हुआ था, जिससे माहौल में उत्सव की ऊर्जा झलक रही थी। प्राचार्य डॉ. संगीता झाम्ब ने छात्राओं और शिक्षकों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय में संचालित विभिन्न कोर्सेज और गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, डायरेक्टर डॉ. सुनील कुमार पाहवा ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए छात्राओं को उच्च शिक्षा द्वारा जीवन में सफलता और संस्कार अर्जित करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिताओं में दिखा छात्राओं का उत्साह
पिंक फेस्ट के अंतर्गत आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता, ऑन द स्पॉट गेम्स और फन एक्टिविटीज में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मेहंदी प्रतियोगिता में प्रथम नूर अक्सरा, द्वितीय अदिति चैरसिया, तृतीय अवनि जैन को विजेता घोषित किया गया और मंच पर पुरस्कृत किया गया। छात्राओं की रचनात्मकता और सुंदर डिजाइन देखकर दर्शक और शिक्षक दोनों प्रभावित हुए।
उद्यमिता और करियर की जानकारी भी आकर्षण का केंद्र
‘शी-शक्ति’ प्रकोष्ठ द्वारा छात्राओं को उद्यमिता और रोजगार के अवसरों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। कई छात्राएँ पहली बार इन विकल्पों को समझते हुए काफी उत्साहित नजर आईं।
फैशन विभाग की प्रस्तुति रही आकर्षक
महाविद्यालय के फैशन विभाग की छात्राओं ने सहायक प्राध्यापक स्वाति गुप्ता और राजविंदर कौर के मार्गदर्शन में स्वयं निर्मित परिधानों का शानदार प्रदर्शन किया। मंच पर जब छात्राएँ आत्मविश्वास के साथ रैंप वॉक करती नजर आईं, तो दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया।
सफल आयोजन के पीछे टीमवर्क
पूरे आयोजन को सफल बनाने में डॉ. सत्येंद्र कुररिया, डॉ. महिमा त्रिपाठी, डॉ. महेंद्र जैन, डॉ. श्रुति पुंज, डॉ. माया शुक्ला, डॉ. मीता श्रीवास्तव सहित कई प्राध्यापकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मंच संचालन कांची लालन, ईशा महेश्वरी, साक्षी जायसवाल और छात्राओं द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन संगीत विभागाध्यक्ष डॉ. कीर्ति श्रीवास्तव ने किया।
इनका कहना है
यह फेस्ट हमारे लिए सिर्फ मस्ती नहीं, बल्कि सीखने का मौका भी है। यहां का माहौल बहुत पॉजिटिव है और पहली बार इतना शानदार आयोजन देखने मिला।
काव्या जैन
मेहंदी प्रतियोगिता और गेम्स सबसे मजेदार रहे। हमें ऐसा लगा जैसे हम किसी बड़े कल्चरल इवेंट का हिस्सा हों। स्टाफ भी बहुत सहयोगी रहा।
समता सिंह
फैशन शो सबसे ज्यादा आकर्षक था। सीनियर स्टूडेंट्स को रैंप पर देखकर हमें भी प्रेरणा मिली कि हम भी अगले साल हिस्सा लें। यह फेस्ट हमेशा याद रहेगा।
महीनूर परवीन
शी-षक्ति प्रकोष्ठ द्वारा दी गई उद्यमिता की जानकारी बेहद उपयोगी रही। मुझे लगता है कि पढ़ाई के साथ अपना करियर कैसे बनाना है, इसकी दिशा साफ हुई है।
शामली कौरव

Next Post

सेवढ़ा पुलिस ने दो आरोपी पकड़े, बीच बाजार में निकाला जुलूस

Sat Nov 29 , 2025
दतिया: सेंवढ़ा थाने में अनेक धाराओं में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गश्त के दौरान दबोच लिया, आरोपी के पास से कट्टा भी मिला है। इसके अलावा एक अन्य आरोपी को सेंवढ़ा पुलिस ने बायपास रोड से गिरफ्तार किया है। उसके पास भी कट्टा और जिंदा राउंड मिला। […]

You May Like