रेत माफिया का कलेक्टर की गाड़ी पर पथराव, हवाई फायर से खदेड़े बदमाश

भिंड, 31 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के भिंड जिला कलेक्टर के वाहन को रेत माफिया ने अपना निशाना बनाने की कोशिश की, जिसके बाद कलेक्टर के सुरक्षाकर्मियों ने हवाई फायर कर बदमाशों को खदेड़ा और कलेक्टर को वहां से सुरक्षित निकाला।
ऊमरी पुलिस के अनुसार कल देर रात के इस मामले में हमलावरों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ककाहारा रेत खदान का निरीक्षण करने के लिए निजी वाहन से निकले थे। उनके साथ राजस्व अमला और स्थानीय थाने का स्टाफ नहीं था। इसी बीच रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली आई तो कलेक्टर ने उसे रोका। पूछताछ के कारण चालक ट्रैक्टर ट्रॉ़ली छोड़कर भाग निकला। कलेक्टर ने पास ही खड़ी खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक से रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ऊमरी थाने पहुंचाने को कहा और स्वयं भी अपनी गाड़ी से उसके पीछे चलने लगे।
इसी बीच दो वाहनों से कुछ लोग मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर को रोक लिया। ट्रैक्टर रुकवाने वाले बदमाशों ने कलेक्टर की गाड़ी पर पथराव शुरू कर दिया, जिसके बाद कलेक्टर के सुरक्षाकर्मियों ने हवाई फायर किए, जिस पर रेत माफिया के लोग अपनी गाड़ियां छोड़कर भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेत माफिया के वाहनों के साथ ट्रैक्टर ट्रॉली को ऊमरी थाने लाया गया।
थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत ने आज यहां बताया कि हमलावरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

Next Post

बालिका की हत्या के मामले में मां और उसका प्रेमी गिरफ्तार

Fri Jan 31 , 2025
बड़वानी, 31 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के पलसूद थाना क्षेत्र के एकलबारा में 12 वर्षीय बालिका की हत्या के मामले में आज उसकी मां और प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार 12 वर्षीय बालिका की हत्या के मामले में हिरमाबाई और उसके प्रेमी भाटा […]

You May Like