देश का टॉफी निर्यात 12 साल में 166 प्रतिशत बढ़ा

नयी दिल्ली, 20 मई (वार्ता) ‘मेलोडी’ पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच छिड़ी बहस के बीच वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को बताया कि पिछले 12 साल में देश का टॉफी निर्यात (रुपये में) 166 प्रतिशत बढ़ा है।

साझा किये गये आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2013-14 में टॉफी का निर्यात 49.68 करोड़ रुपये था जो वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़कर 132 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस प्रकार इसमें लगभग 166 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। हालांकि ये आंकड़े रुपये में जारी किये गये हैं जिस कारण इस वृद्धि में बड़ा योगदान डॉलर के मुकाबले रुपये में पिछले 12 साल में आयी गिरावट का भी है।

श्री गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में ये आंकड़े साझा करते हुए लिखा कि वैश्विक बाजार में भारतीय टॉफी की मांग बढ़ रही है और ” ‘मेड इन इंडिया’ टॉफी की मिठास दुनिया को लुभा रही है”।

उल्लेखनीय है कि ये आंकड़े तब जारी किये गये हैं जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक वीडियो में इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने दिखाया है कि श्री मोदी ने उन्हें पारले कंपनी की मेलोडी टॉफी का एक पैकेट उपहार में दिया है। उनके इस वीडियो पर विपक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इसे नेतृत्व नहीं “नौटंकी” करार दिया है और आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री को देश के सामने मंडरा रहे “आर्थिक तूफान” की चिंता नहीं है।

दरअसल सुश्री मेलोनी दिसंबर 2023 से श्री मोदी के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीर या वीडियो सोशल मीडिया पर साझ करते समय “मेलोडी” हैशटैग का इस्तेमाल करती हैं जो दोनों वैश्विक नेताओं के नाम को जोड़कर बना है।

 

Next Post

बीते वर्ष यात्री वाहनों की बिक्री में महाराष्ट्र, दुपहिया में उत्तर प्रदेश रहा सबसे आगे

Wed May 20 , 2026
नयी दिल्ली, 20 मई (वार्ता) यात्री वाहनों की बिक्री में वित्त वर्ष 2025-26 में महाराष्ट्र सबसे आगे रहा जबकि दुपहिया की बिक्री में उत्तर प्रदेश ने बाजी मारी है। वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम के बुधवार को जारी आंकड़ों में बताया गया है कि गत 31 मार्च को समाप्त […]

You May Like