मां चामुंडा टेकरी पर हो रहे सौंदर्यीकरण के लिए जिलाधीश का संतों ने किया सम्मान

देवास। मां चामुंडा टेकरी के सौंदर्यीकरण कार्य को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कलेक्टर ऋतुराज सिंह का संतों एवं मां चामुंडा सेवा समिति द्वारा सम्मान किया गया। संत रामनारायण महाराज, संत पूर्णानंद जी महाराज, ब्रह्मकुमारी बहन प्रेमलता दीदी एवं पूर्व सीसीएफ एके जोशी के आतिथ्य में कलेक्टर सिंह का शाल-श्रीफल, चुनरी एवं पुष्पमाला से अभिनंदन किया गया।

‘मां की टेकरी देवास की पहचान है, विकास में कोई कमी नहीं रहेगी’- कलेक्टर

सम्मान के बाद अपने उद्बोधन में कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने कहा कि मां चामुंडा की टेकरी केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि देवास की आस्था, संस्कृति और पहचान का केंद्र है। यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं मिलें और टेकरी का स्वरूप और अधिक भव्य एवं आकर्षक बने, इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि टेकरी के सौंदर्यीकरण और विकास में किसी भी स्तर पर कोई कसर बाकी नहीं रखी जाएगी। मां की सेवा का अवसर स्वयं में सौभाग्य है। उन्होंने समिति की 42 वर्षों से चली आ रही निरंतर सेवा भावना की भी सराहना की।

विकास में सभी का है सहयोग-

समिति के रामेश्वर जलोदिया ने कहा कि मां चामुंडा की टेकरी के सौंदर्यीकरण का कार्य केवल विकास का प्रकल्प नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को सम्मान देने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि टेकरी के विकास की जो नींव पूर्व में तत्कालीन कलेक्टर अशोक वर्णवाल, श्रीमती गौरीसिंह, आशुतोष अवस्थी, चंद्रमौली शुक्ला और महेश अग्रवाल आदि ने रखी, उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि वर्तमान में टेकरी पर हो रहे विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रशासन की सक्रिय भूमिका सराहनीय है। श्री जलोदिया ने टेकरी पर किए जा रहे विकास कार्यों के लिए विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

नवरात्रि में 24 घंटे भक्तों की सेवा, सत्संग भवन में चलेगा भंडारा-

मां चामुंडा सेवा समिति के सदस्यों ने बताया कि नवरात्रि महापर्व के दौरान सत्संग भवन में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए 24 घंटे व्यवस्था जारी रहेगी। समिति की ओर से भक्तों को चाय, खिचड़ी, हलवा, सब्जी-पूड़ी सहित महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। पिछले 42 वर्षों से समिति नवरात्रि के दौरान अनवरत 24 घंटे भक्तों की सेवा करती आ रही है।

समिति का कहना है कि मां के दर्शन के लिए देश-प्रदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सेवा कार्य पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जारी रहेगा। इस अवसर पर समिति के नरेंद्र मिश्रा, रामेश्वर जलोदिया, दिनेश सांवलिया, शिवनारायण पाठक, नारायण व्यास, राजेश गोस्वामी, राधेश्याम पड़ियार, सुशील शिंदे, शशिकांत गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार पूर्व सीसीएफ एके जोशी ने माना।

Next Post

पिकअप में मजदूरों को ठूंसकर इंदौर ले जाना पड़ा भारी, उदयनगर पुलिस ने 2 वाहन किए जब्त

Tue Sep 15 , 2026
देवास। मालवाहक पिकअप वाहनों को यात्री वाहन बनाकर मजदूरों की जान जोखिम में डालकर इंदौर ले जाने के मामले में उदयनगर पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। बार-बार समझाइश, जनचौपाल और सोशल मीडिया के जरिए जागरूक करने के बावजूद जब वाहन चालकों और ठेकेदारों ने लापरवाही नहीं छोड़ी तो पुलिस […]

You May Like