
ईओडब्ल्यू जबलपुर ने दर्ज की एफआईआर
जबलपुर। महाकौशल क्षेत्र के विभिन्न जिलों में अनेक सडक़ ठेकेदारों ने सडक़ निर्माण कार्य के दौरान डामर के फर्जी बिल लगाकर करोड़ों रूपयों का अवैध रूप से भुगतान प्राप्त कर विभाग एवं शासन को हानि पहुंचाई। करीब 37 करोड़ के फर्जी बिल लगाकर 5 ठेकेदारों ने कर भुगतान प्राप्त कर लिया। मामला मप्र ग्रामीण सडक़ विकास प्राधिकरण, जिला जबलपुर, जिला मण्डला का हैं। जिस पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) जबलपुर ने ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
ईओडब्ल्यू जबलपुर उप पुलिस अधीक्षक ए.व्ही. सिंह ने बताया कि आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ मुख्यालय भोपाल में शिकायत दर्ज कराई गई जिसमें आरोप लगाया गया था कि महाकौशल क्षेत्र के विभिन्न जिलों में अनेक सडक़ ठेकेदारों ने सडक़ निर्माण कार्य के दौरान डामर के फर्जी बिल लगाकर करोड़ों रूपयों का अवैध रूप से भुगतान प्राप्त कर विभाग एवं शासन को हानि पहुंचाई है। शिकायत में जांच के दौरान संबंधित जिलों के महाप्रबंधक, मप्र ग्रामीण सडक़ विकास प्राधिकरण अंतर्गत ठेकेदारों द्वारा लगाये गये सडक़ निर्माण में डामरों के सत्यापित बिल जिनका भुगतान प्राप्त किया जा चुका है, जो आईओसीएल (इण्डियन ऑयल कार्पोरेशन लिमिटेड), एचपीसीएल (हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड), बीपीसीएल (भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड) एस्सार एवं नायरा आदि कंपनियों के है। जिसकी जांच उपरोक्त कंपनियों से कराये जाने पर ठेकेदारों द्वारा लगाये गये बिल बिटुमिन (डामर) की प्रदायकर्ता कंपनी द्वारा जारी करना नहीं पाया गया है, लगाये गये बिल कूटरचित एवं फर्जी पाये गये।
इन फर्मों में हुआ भुगतान-
ठेकेदार मेसर्स ए.डी. कंस्ट्रक्शन प्रोपराईटर अनिल दुबे एफएफ-2, डीडी काम्पलेक्स, दीनदयाल चौक द्वारा दो पैकेज में कुल छत्तीस लाख, इकतीस हजार, तीन सौ दो रूपये के बिटुमिन के 7 फर्जी इनवाईस लगाकर विभाग से भुगतान प्राप्त किया। मेसर्स विश्व कुसुम इन्फ्राटेक प्रोपराईटर अखिलेश मेहता एकता विहार, मदन महल द्वारा कुल 8 पैकेजों में कुल बारह करोड़, सात लाख, तेरह हजार, पांच सौ तेरासी रूपये के बिटुमिन के कुल 45 फर्जी इनवाईस लगाकर विभाग से भुगतान प्राप्त किया गया। मेसर्स वैष्णव एसोसियेट प्रोपराईटर धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, संजीवनी नगर, द्वारा कुल 12 पैकेज में कुल तेईस करोड़, सनतावन लाख, उनतालिस हजार छ: सौ बत्तीस रूपये के बिटुमिन के कुल 42 फर्जी इनवाईस लगाकर मध्यप्रदेश सडक़ विकास प्राधिकरण जबलपुर से भुगतान प्राप्त किया गया। मेसर्स लाल बहादुर यादव प्रोपराईटर लाल बहादुर यादव, रेलवे स्टेशन रोड, महाराजपुर, मण्डला द्वारा कुल 2 पैकेज में उनयासी लाख, चैरानवे हजार, आठ सौ इक्कीस रूपये के बिटुमिन के 6 फर्जी इनवाईस लगाकर बिटुमिन कार्य का भुगतान मध्यप्रदेश सडक़ विकास प्राधिकरण, मण्डला से प्राप्त किया गया है। मेसर्स अब्दुल अजीज प्रोपराईटर अब्दुल अजीज, जबलपुर रोड, संत निरंकारी भवन के बाजू में, बिंझिया मण्डला द्वारा 2 पैकेज में कुल इक्कीस लाख, निन्यानवें हजार, तीन सौ बत्तीस रूपये के बिटुमिन के 3 फर्जी इनवाईस लगाकर मध्यप्रदेश सडक़ विकास प्राधिकरण, मण्डला से भुगतान प्राप्त किया गया।
इनका कहना है
पांच सडक़ निर्माण ठेकेदारों ने कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से कुल 37 करोड़ के फर्जी बिटुमिन बिल लगाकर मध्यप्रदेश सडक़ विकास प्राधिकरण से भुगतान प्राप्त कर शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाई। सम्पूर्ण जांच उपरांत शिकायत पत्र में लगाये गये आरोप प्रमाणित पाये जाने के बाद ठेकेदारों के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है।
ए.व्ही. सिंह, उप पुलिस अधीक्षक, ईओडब्ल्यू जबलपुर
