जिलाध्यक्ष के बाद अब महामंत्री बनने के लिए दावेदारों में मची होड़

शाजापुर, 22 जनवरी. भाजपा संगठन सुप्रीमो बनने के बाद जो दावेदार जिलाध्यक्ष की दौड़ में शामिल थे, वे कोपभवन में है और उन्होंने संगठन के कार्यक्रमों से दूरियां बना रखी हैं. रवि पांडे के जिलाध्यक्ष बनने के बाद अब जिला महामंत्री बनने के लिए दावेदारों ने घुंघरू बांधना शुरू कर दिए हैं. कुछ दावेदार ऐसे हैं, जो जिलाध्यक्ष नहीं बन पाए, तो वे महामंत्री के लिए अपने आकाओं के घर पर दस्तक दे रहे हैं.

गौरतलब है कि जिला भाजपा में अलग-अलग समाज से तीन महामंत्री बनाए जाते हैं. अब महामंत्री बनने के लिए कई दावेदार अभी से घुंघरू बांधकर घूम रहे हैं. महामंत्री की बात करें, तो इस बार भी महामंत्री के पद पर राजपूत समाज, पिछड़ा और अजा वर्ग को मौका मिलेगा. यूं तो महामंत्री के लिए भी आधा दर्जन से अधिक दावेदारों ने अभी से ताल ठोकना शुरू कर दी है. इस बार महामंत्री नरेंद्र यादव को भी बनाया जा सकता है, क्योंकि वे ओबीसी में आते हैं और जिलाध्यक्ष की दौड़ में शामिल भी थे. अब देखना यह है कि महामंत्री की दौड़ में जो लोग शामिल हैं, वे यदि महामंत्री पद से भी वंचित रहते हैं, तो वे भाजपा की राजनीति में नजर आएंगे या नहीं. वहीं दूसरी ओर कांग्रेस की राजनीति से पोर्ट होकर भाजपा में आए महाराज भाजपा के समर्थक भी जिला कार्यकारिणी में पद के लिए प्रयासरत हैं. अब पांडे की टीम में कौन-कौन महामंत्री होता है और किसे जगह मिलती है, ये आने वाले समय में देखने को मिलेगा.

महाराज भाजपा के तीन और तीनों अलग-अलग

कांग्रेस से पोर्ट होकर भाजपा में आए महाराज भाजपा समर्थक तीन नेता हैं, जिसमें क्षितिज भट्ट, आशुतोष श्रीवास्तव और मुकेश सौराष्ट्रीय शामिल हैं. इन तीन नेताओं की खासियत यह है कि ये भले ही महाराज भाजपा के हैं, लेकिन तीनों की एक-दूसरे से राजनीतिक दूरियां हैं. अब नई कार्यकारिणी में किस भाजपा समर्थक को कौन सा पद मिलता है, ये देखने वाली बात होगी. चूंकि क्षितिज भट्ट प्रदेश भाजपा में मंत्री हैं, तो नए प्रदेश अध्यक्ष के गठन के बाद उन्हें क्या दायित्व मिलता है, ये देखना होगा.

 

हर गुट को उम्मीद है पद की

 

भाजपा की नई कार्यकारिणी को लेकर भाजपा के हर गुट के लोगों को नए जिलाध्यक्ष के साथ काम करने के लिए पद मिलने की उम्मीद लगी हुई है. अब देखना है कि किस गुट की उम्मीद पूरी होती है और किस गुट को नाउम्मीद होना पड़ता है. रवि पांडे के जिलाध्यक्ष बनने के बाद अन्य गुट के नेताओं ने दूरियां बना रखी हैं. हालांकि जो दावेदार थे, वे इन दिनों कोप भवन में है. अब देखना है कि वे सक्रिय राजनीति में फिर से कब नजर आते हैं.

Next Post

रिलायंस रिटेल के टीरा प्लेटफॉर्म पर शेग्लैम हुआ लॉन्च

Wed Jan 22 , 2025
मुंबई 22 जनवरी (वार्ता) रिलायंस रिटेल ने अपने सौंदर्य प्लेटफॉर्म टीरा के माध्यम से वैश्विक सौंदर्य ब्रांड शेग्लैम को भारतीय बाजार में लॉन्च करने की घोषणा की। कंपनी ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि दुनिया भर में सौंदर्य प्रेमियों के बीच वायरल हो चुका यह ब्रांड अपने उच्च-गुणवत्ता […]

You May Like