
भोपाल, 17 जनवरी. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार तथा पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर भोपाल पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है. इसमें (परवाह) थीम पर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं वाहन चालकों को नियमों का पालन कराने के लिए यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. सड़क सुरक्षा माह के तहत शुक्रवार को भोपाल शहर के यातायात जोन-2 में द ओरिएण्टल स्कूल पटेल नगर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पंकज श्रीवास्तव स्कूल में पहुॅचे तथा छात्रों को यातायात सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन संबंधी जानकारी दी. बच्चों को संबोधित करते हुए श्रीवास्तव ने कहा कि हम घर से जब भी बाहर निकलते हैं तो सीधे सड़क पर पहुंच जाते हैं. फिर चाहे पैदल हो, यात्री वाहन से हो या फिर पब्लिक ट्रांसपोर्ट से, हम सभी सड़क मार्ग का उपयोग करते हैं. उन्होंने कहा कि जब हम सड़क पर आ जाते है तो हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम यातायात नियमों का पूर्ण मनयोग से पालन करें. सड़कों पर यातायात नियमों का पालन करना अनिवार्य रूप से हमारे रोजमर्रा जीवन का हिस्सा होना चाहिए. उन्होंने आगे बताया कि भारत देश में वर्ष 2023 में लगभग 1.73 लाख व्यक्तियों ने सड़क दुर्घटना में अपनी जान गवाई है. जिन्हें यातायात नियमों का पालन करते हुए कम किया जा सकता था, क्योंकि ज्यादातर दुर्घटनायें यातायात नियमों की अवहेलना करने के कारण हुई हैं. इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने अनेक प्रकार के प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर देकर उनकी जिज्ञासा का समाधान किया गया.
