इस्तांबुल, 10 अगस्त (वार्ता) तुर्की के उत्तर-पश्चिमी कनक्कले प्रांत में जंगल में दो स्थानों पर भंयकर आग लगने के बाद लगभग 1,000 लोगों को निकाला गया । इस हादसे में कईं घर नष्ट हो गए और निजी संपति को काफी नुकसान हुआ है।
पर्यावरण, शहरीकरण और जलवायु परिवर्तन मंत्री मूरात कुरुम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि वन विभाग की टीमों ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। सकाकली गाँव में 43 इमारतें गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त या नष्ट हो गयी हैं और अन्य गाँवों में आकलन अभी भी जारी है।
कृषि और वानिकी मंत्री इब्राहिम युमाकली ने बताया कि लगभग 1,000 निवासियों को सुरक्षित क्षेत्रों में पहुँचाया गया है। उन्होंने बताया कि शनिवार को आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है।
समाचार पत्र दैनिक मिलियेट दैनिक में छपी तस्वीरों से आग की तीव्रता का पता चल जाता है जिसमें प्रभावित गाँवों के कईं घर राख के ढेर में तब्दील हो गये हैं। आग लगने से डार्डानेल्स जलडमरूमध्य पर हवाई यातायात और समुद्री यातायात भी प्रभावित हुआ है ।
