जबलपुर: सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से मौसम की रंगत बदल गई है। मंगलवार की सुबह कोहरे की चादर के साथ हुई। पारा भी 6 डिग्री पर पहुंच गया। बर्फीली हवाएं लोगों को ठिठुराती रही। शाम ढलते ही ठंड का असर बढ़ गया। जिससे बचने लोग गर्म कपड़े लादकर ही बाहर निकले। जगह-जगह अलाव भी जलते देखे गए।
मौसम विभाग की माने तो उत्तरी बांग्लादेश एवं निकटवर्ती क्षेत्रों के ऊपर माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊँचाई पर चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। उत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर 180 किमी प्रति घंटा की गति से उपोष्ण जेट स्ट्रीम हवाएँ बह रही है। 14 जनवरी की रात्रि से अगले पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर पश्चिमी भारत को प्रभावित करने की सम्भावना है
ऐसा रहा तापमान
मंगलवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री रिकॉर्ड किया जो सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 92 और शाम को 62 प्रतिशत दर्ज की गई। चार से पांच किमी की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चली।
