![]()
भोपाल। उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, शासकीय हमीदिया महाविद्यालय, भोपाल में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित ‘दीक्षा आरंभ कार्यक्रम’ का आज तीसरे एवं अंतिम दिन सफल समापन हुआ। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रचना मिश्रा के मार्गदर्शन में किया गया।विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के अनावश्यक उपयोग से बचने और समय का सदुपयोग अध्ययन एवं व्यक्तित्व विकास में करने का संदेश दिया गया।
तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों तथा छात्र हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस क्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना राष्ट्रीय कैडेट कोर , स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना, भारतीय ज्ञान परंपरा, पुस्तकालय सेवाएँ, मध्य प्रदेश हिंदी ग्रंथ अकादमी द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) पर आधारित नवीनतम पाठ्यक्रम की पुस्तकों, छात्र शिकायत निवारण प्रकोष्ठ सहित विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं शैक्षणिक उन्नयन से संबंधित विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों से परिचित करवाया गया। इन विषयों पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के समापन दिवस का मुख्य आकर्षण महाविद्यालय के भूतपूर्व विद्यार्थियों के प्रेरक व्याख्यान रहे। इस अवसर पर शंकराचार्य न्यास, भोपाल के कार्यक्रम अधिकारी एवं महाविद्यालय के पूर्व छात्र शुभम चौहान ने छात्र जीवन के अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों को अध्ययन के प्रति सजग, अनुशासित एवं लक्ष्यनिष्ठ बनने का आह्वान किया गया। महाविद्यालय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता, नेतृत्व एवं मंच संचालन से जुड़े अपने अनुभवों को साझा किया गया और विद्यार्थियों को उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
महाविद्यालय के एक अन्य पूर्व छात्र प्रिंस चौधरी ने भी सह-शैक्षणिक गतिविधियों से प्राप्त अपने अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। कार्यक्रम में बी.ए., बी.कॉम. एवं बी.एससी. संकायों के बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने सहभागिता की। महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों एवं योजनाओं की जानकारी दी गई ।
कार्यक्रम का संचालन समिति के सदस्य डॉ. मनोज सिन्हा ने किया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. माधवी लता दुबे ने किया। अंत में सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
