गांधी चौराहे में आधी रात ‘दंगल’, कार-बाइक से पहुंच जमकर बरसाये लाठी-डंडे

सीधी: शहर के गांधी चौराहे के समीप सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात उस समय हड़कंप मच गया, जब दो गुटों के बीच सार्वजनिक स्थान पर जमकर मारपीट हुई। घटना सोमवार रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है, जिसका वीडियो मंगलवार सुबह करीब 9 बजे सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे के साथ हाथ-मुक्कों के अलावा लाठी-डंडों से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग कार से उतरकर मारपीट में शामिल हो रहे हैं, जबकि कुछ लोग बाइक से मौके पर पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। सड़क पर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक विवाद और मारपीट होती नजर आती है। इस दौरान कुछ लोग बचाव करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ लोग लगातार दूसरे पक्ष पर हमला करते नजर आ रहे हैं।

सार्वजनिक स्थल पर हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, दोनों गुटों के बीच मारपीट आखिर किस बात को लेकर शुरू हुई, इसका फिलहाल स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों द्वारा कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही मारपीट में शामिल उपद्रवी मौके से फरार हो गए। गांधी चौराहे जैसे शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थल पर आधी रात को हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और मारपीट में कौन-कौन लोग शामिल थे।

इनका कहना है

सार्वजनिक स्थल पर इस प्रकार मारपीट की घटना बेहद चिंता का विषय है। यदि किसी भी पक्ष की ओर से आवेदन दिया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर घटना की जांच कर रही है और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

-दिव्य प्रकाश त्रिपाठी , थाना प्रभारी कोतवाली

Next Post

प्रतिमा विसर्जन को लेकर कलेक्टर के निर्देश

Tue Sep 22 , 2026
सिंगरौली: आगामी गणेश प्रतिमा विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कलेक्टर गौरव बैनल ने जिला प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देशित किया। उन्होंने विसर्जन मार्गों, प्रमुख चौराहों एवं घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल, होमगार्ड एवं महिला […]

You May Like