आष्टा। पांच बदमाश पेट्रोल पंप लूटने की वारदात को अंजाम दे पाते उससे पहले ही पुलिस को भनक लग गई. पुलिस ने पांचों बदमाशों को हथियारों सहित दबोच लिया. पुलिस के हत्थे चढ़े बदमाशों पर पूर्व में भी कई मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं. पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुट गई है.
थाना अन्तर्गत गत रात्रि नानकपुर ग्राम से सूचना प्राप्त हुई की पांच बाहरी व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में हथियार रखे देखे गए हंै. वह सभी किसी घटना लूट, चोरी घटित करने की बात करते रास्ते से जा रहे हैं. पुलिस की दो टीमें नानकपुर यात्री प्रतीक्षालय के पास पहुंची तो वहां बैठे पांच व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगे. पुलिस ने ग्रामवासियों की मदद से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया. पांचों संदिग्ध व्यक्तियों के पास घातक हथियार तलवार, चाकू, सब्बल, लोहे की राड और एक लोहे की नकब पाए गए. आरोपियों से पूछताछ की गई जिन्होंने देर रात्रि नानकपुर से आगे कन्नोद रोड़ पर स्थित पेट्रोल पंप लूट करने की घटना को अंजाम देना बताया. पुलिस ने पांचों आरोपियों शराफत अली पिता हुसैन खां जाति मेवाती निवासी ग्राम रहना थाना नूह जिला मेवात हरियाणा, साबिर खां पिता इरमत खां जाति मेवाती ग्राम दुकामा, वकील शाह पिता असगर शाह जाति शाह निवासी ग्राम अम्बाडा, ब्रजेश धनवार पिता रामौतार धनवार निवासी ग्राम डोकाकुई एवं अरमान खां पिता भूरे खां जाति मेवाती निवासी ग्राम अम्बाडा थाना कन्नौद जिला देवास को गिरफ्तार किया. आरोपी शराफत अली जो मूलत: जिला नूह हरियाणा का रहने वाला है. उसके विरुद्ध अन्य थानों में मारपीट व चोरी के अपराध पंजीबद्ध होने की जानकारी प्राप्त की गई है एवं अन्य दो आरोपियों साबिर खां के विरुद्ध भी 3 अपराध देवास जिले के थानों में दर्ज हैं. सभी आरोपियों से अन्य साथियों व घटनाओं की पूछताछ की जा रही है. आरोपी शराफत अली की गिरफ्तारी सूचना हरियाणा राज्य के सम्बंधित थाना नूह सदर को दी गई है.
