इंदौर : विश्व पर्यटन दिवस पर पर्यटन मंत्रालय के भारत पर्यटन इंदौर कार्यालय ने यात्रा एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े संगठनों तथा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सहयोग से इंदौर विमानतल और मांडू में विशेष आयोजन किए।
इंदौर विमानतल पर आने वाले यात्रियों का तिलक लगाकर पारंपरिक स्वागत किया गया। पर्यटकों को ‘अतुल्य भारत’ अंकित टी-शर्ट, यात्रा बैग, कॉफी मग, टॉफी और ‘विश्व पर्यटन दिवस की शुभकामनाएं’ संदेश वाली पानी की बोतल भेंट की गई।
मांडू के प्रसिद्ध जहाज महल पर भी पर्यटकों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें पर्यटन संबंधी सामग्री एवं उपहार वितरित किए गए। इसके बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सहयोग से जहाज महल परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम में भारत पर्यटन इंदौर के सहायक निदेशक ए. गोपाल, विमानतल निदेशक सुनील मगिरबार, अतुल सिंह, हेमेंद्र सिंह, अमित नवलानी सहित पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे। मांडू में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संरक्षण सहायक नीरज पाटन और पर्यटक सूचना अधिकारी शिवम कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
