नयी दिल्ली, 04 सितंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने गुरुवार को कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा में आज एक बार फिर ममता बनर्जी के नेतृत्व में लोकतंत्र की हत्या हुई और संविधान की मर्यादाओं को तार तार किया गया।
भाजपा प्रवक्ता ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में गुरूवार को पार्टी विधायकों के साथ मारपीट और बदसलूकी की घटना पर कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में जंगलराज चला रही हैं। भाजपा विधायकों के साथ मारपीट की घटना से तृणमूल सरकार की अराजकता फिर उजागर हुई है। श्री भाटिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने संविधान की मर्यादाओं को तार तार कर दिया है। उन्होंने कहा कि संविधान की शपथ लेने वाली मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज गुंडो के लिए एक आदर्श बनकर रही गई हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जिसे संविधान की रक्षा करनी थी वह ममता बनर्जी विधानसभा पटल से देश के प्रधानमंत्री के लिए अपशब्दों का प्रयोग कर रही हैं यह संविधान और मर्यादा के लिए खिलाफ है। श्री भाटिया ने कहा कि यह अराजकता लाइव टीवी पर पश्चिम बंगाल और देश की जनता ने देखा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस शर्मसार करने वाली घटना को अंजाम देन के लिए मार्शल को लगाया गया। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री विधानसभा पटल से प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे लगाती है उनके लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करती है।
श्री भाटिया ने कहा कि पश्चिम बंगाल के भाजपा विधायकों को इस मारपीट की घटना में चोट आई और कई विधायक बेहोश हो गए। उन्होंने कहा कि संविधान की मर्यादा को तार तार करने वाली ममता बनर्जी अब इस संवैधानिक पद पर रहने योग्य नहीं है, मैं उनसे तत्काल इस्तीफा देने की मांग करता हूं। उन्होंने आरोप लगाया कि टीचर भर्ती और राशन चोरी घोटाला करने वाली ममता बनर्जी की सरकार आज देश सेवा के लिए समर्पित प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के लिए अपशब्दों का प्रयोग कर रही है।
श्री भाटिया ने आज की घटना को लोकतंत्र का काला दिवस बताया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि आज पूरा देश और पश्चिम बंगाल कह रहा हे कि ममता सरकार में जंगलराज चल रहा है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जिस प्रकार से असभ्य और अमर्यादित भाषा की शुरूआत की और अपने पार्टी के नेताओं से पीएम मोदी की माता जी के लिए अपशब्द कहलवाए, अब उसी तरह अराजकता, अभद्रता की इस पाठशाला को ममता बनर्जी बंगाल में आगे बढ़ा रही है। इसे पश्चिम बंगाल सहित पूरा भारत देख रहा है और शर्मसार हो रहा है।
