नयी दिल्ली 22 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये 19वें रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में 51 हजार से अधिक नव नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।
वह इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को बताया कि रोजगार सृजन को प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता के अनुरूप रोजगार मेला इस दृष्टिकोण को साकार रूप देने की महत्वपूर्ण पहल है। रोजगार मेला आरंभ किए जाने के बाद से देश भर में अब तक 18 रोजगार मेलों के माध्यम से लगभग 12 लाख नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं।
उन्नीसवां रोजगार मेला देश भर में 47 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। इसमें देश के सभी हिस्सों से चयनित नव नियुक्त उम्मीदवार रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग आदि सहित केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में कार्यभार ग्रहण करेंगे।

