चंदेरी: क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय संचार व पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की पहल पर चंदेरी के बुनकरों के लिए ईरी सिल्क उत्पादन का मार्ग प्रशस्त हुआ है। नए हैंडलूम पार्क में आयोजित बैठक में जिला कलेक्टर साकेत मालवीय और नॉर्थ ईस्टर्न हैंडीक्राफ्ट्स एंड हैंडलूम डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनईएचएचडीसी) के बीच एमओयू किया गया।
बैठक में बुनकरों को ‘पदमा डोरी’ नामक नए उत्पाद के बारे में जानकारी दी गई, जिसके तहत साड़ियां, सूट, दुपट्टे, फैब्रिक स्टॉल सहित विभिन्न वस्त्र तैयार किए जाएंगे। इस कार्य को जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के माध्यम से संचालित किया जाएगा।
जल्द ही उत्पादन कार्य शुरू करने के लिए अगली बैठक आयोजित होगी, जिसमें बुनकर, मास्टर वीवर्स और स्वयं सहायता समूहों को जोड़ा जाएगा।एनईएचएचडीसी, जो 1977 में स्थापित केंद्रीय उपक्रम है, कारीगरों को बाजार, तकनीकी व वित्तीय सहयोग प्रदान करता है। इस परियोजना से चंदेरी में रोजगार बढ़ने और आर्थिक विकास के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।
