कीव, 24 अप्रैल (वार्ता) यूक्रेन की राजधानी कीव में बुधवार देर रात हुए रूसी ड्रोन और मिसाइल हमले में नौ लोगों की मौत हो गई और 70 से ज़्यादा घायल हुए हैं।
यह जानकारी यूक्रेन की सरकारी आपातकालीन सेवा ने गुरुवार को दी। एजेंसी ने बताया कि हमले में रिहायशी इमारतों को काफ़ी नुकसान पहुंचा और गैरेज, गैर-आवासीय ढाँचों और प्रशासनिक इमारतों में आग लग गई।
पश्चिमी स्वियातोशिन्स्की जिले में बचाव अभियान अभी भी जारी है, जहाँ मिसाइल हमले में एक अपार्टमेंट की इमारत आंशिक रूप से नष्ट हो गई। कुल मिलाकर, आपातकालीन टीमें कीव में 13 स्थानों पर क्षति की भरपाई के लिए पहुंच चुकी हैं। कीव के अलावा हमले में यूक्रेन के आठ अन्य क्षेत्रों को भी निशाना बनाया गया। पूर्वी खारकिव क्षेत्र में दो लोग घायल बताए गए, जबकि उत्तरी ज़ाइटॉमिर क्षेत्र में एक व्यक्ति घायल हुआ।
