![]()
जनकगंज पुलिस ने दो आरोपी दबोचे
ग्वालियर। दिन में हुए झगड़े का बदला लेने के लिए चार बदमाशों ने आधी रात को ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना जनकगंज थाना क्षेत्र के गोल पहाड़िया हरिजन बस्ती की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी तो दो आरोपी पकड़ लिए हैं, अभी इस मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। जनकगंज थाना क्षेत्र के हरिजन बस्ती गोल पहाड़िया निवासी राहुल वाल्मीक पुत्र राकेश वाल्मीक बीती रात को अपने घर में सो रहा था। तभी पास ही रहने वाले अभिषेक उर्फ ठण्डाई, आयुष अग्रवाल, विशाल चौहान उर्फ भण्डारी और ढोलू कुशवाह उसके दरवाजे पर पहुंचे और गाली गलौज करना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर वह अपनी छत से देखने आए तो आरोपियों ने उन पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई घटना के बाद सहमा राहुल और परिजन अपनी जान बचाकर नीचे भागे तो आरोपी उसे धमकी देकर भाग निकले। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया।
जिस तरह बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, उससे लोग दहशत में हैं और पुलिस के जाने के बाद अपने घरों में छिपे हुए हैं, कि कहीं आरोपी दोबारा वपस आकर उनके ऊपर फायरिंग ना कर दे।
दो आरोपी दबोचे
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को पकड़ने की जिम्मेदारी एएसआई विजय राजपूत, आरक्षक विद्याचरण शर्मा, नरेन्द्र तोमर, भूपेन्द्र धाकड़, इंद्रप्रकाश शर्मा, प्रकाश शर्मा को दी। जिसके बाद से ही रात भर पुलिस ने दबिश दी और दो आरोपी अभिषेक उर्फ ठंडाई तथा पियुष अग्रवाल को दबोच लिया है तथा फरार विशाल चौहान उर्फ भण्डारी और ढोलू कुशवाह की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस ने कहा
पुरानी रंजिश पर फायरिंग करने वाले दो बदमाशों को जनकगंज थाना पुलिस ने पकड़ा है, इस मामले में दो आरोपी अभी फरार है और उनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
गजेन्द्र सिंह वर्धमान, एएसपी
