नवभारत न्यूज
ओंकारेश्वर। तीर्थनगरी में आस्थावानों की भीड़ रोज बढ़ रही है। सोमवार को ओंकारेश्वर में करीब एक लाख भक्त ओंकारेश्वर पहुंचे। रोज नए कीर्तीमान की श्रद्धा उमड़ रही है। इन दिनों ओंकारेश्वर में हजारों भक्त प्रतिदिन आ रहे हैं। रविवार को एक लाख से भी अधिक भक्त ओंकारेश्वर पंहुचे थे।
लोगों को दर्शन कराने की जिम्मेदारी मंदिर ट्रस्ट की है,जो संभल नहीं रही है। अव्यवस्थाओं के कारण विवाद हो रहे हैं। वाहन खड़े करने की जगह भी नहीं बच रही है। पार्किंग सबसे बड़ी समस्या है। हजारों छोटे बड़े वाहन प्रतिदिन ओंकारेश्वर पंहुच रहे हैं।
क्यों बढ़ रही भीड़
प्रयागराज महाकुंभ पर्व, संक्रांति का प्रथम शाही स्नान का पुण्य लाभ लेने हेतु जाने वाले भक्त हैं। माँ नर्मदा परिक्रमा कर रहे सैकड़ों वाहन एवं पैदल परिक्रमावासी है। तीनधाम तीर्थ यात्रा कर रहे भक्त भी हंै। ओंकारेश्वर में पांच श्रीमद् भागवत कथाएँ चल रही हैं। उज्जैन से आने वाले भक्त भी बढ़े हैं।
सक्रांति पर्व 14 व 15 को है। इसमें भी अच्छी खासी भीड़ रहेगी। खंडवा कलेक्टर अनूपसिंह के मार्गदर्शन में एसडीएम शिव प्रजापति ने ओंकारेश्वर आने वाले भक्तों की सुविधाओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था करने के सभी विभागों को निर्देश दिए है।
ऐसी व्यवस्था जरूरी
मंदिर में भक्तों को अच्छे दर्शन करवाए जाएं। पूजा सामग्री बाहर से ली जाए। दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्था रखी जाए। प्रोटोकाल वाले भक्तो की लाइन अलग हो। इनकी जाँच कर प्रवेश करवाया जाना चाहिए। निकासी मार्ग से प्रवेश पर प्रतिबंध रहना चाहिए। किसी भी प्रकार की धांधली को बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। अनुशासन में सभी सेवक अपनी ड्यूटी दे। भक्तों को गुमराह न करें। पंडितगण भी दर्शन व्यवस्था में सहयोग करें। आने वाले भक्त हमारे मेहमान है। वे एक अच्छी भावना लेकर जाए।
ऐसी व्यवस्था भी जरूरी
मंदिर में पंडिताई करने वाले पुराने बहीखाते वाले तीर्थ पंडे एवं वैदिक पंडितों का फार्मूला लागू कर उनका रजिस्ट्रेशन किया जाना चाहिए, जो मंदिर में पूजा जल अभिषेक करवाएं। उनके सहमति से सहयोगी का नाम दें जिनका भी रजिस्ट्रेशन हो। उनक ी आय के लिए मंदिर ट्रस्ट विचार कर नियम बनाए जाने चाहिए, पंडितों का मान सम्मान बना रहे और उनको रोजगार मिले।
उक्त मांग अखिल भारत ब्राम्हण समाज के प्रदेश पुजारी पुरोहित तीर्थ इकाई के अध्यक्ष पंडित जयप्रकाश पुरोहित ने कलेक्टर, एसडीएम एवं ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट से की है। उन्होंने मांग की है कि ट्रस्ट में चल रही धांधली की जाँच कर इन पर अंकुश लगाएं।
पारदर्शिता लागु करें
सीसीटीवी पर पूरे गर्भगृह को दिखाया जाए। बेबसाईट के अनुसार सभी दान मंदिर ट्रस्ट के खाते में आना चाहिए। इसकी जाँच होनी चाहिए। 4 बजे वाले श्रृंगार, में चल रही धांधली की जाँच कर लिप्त लोगो को खिलाफ कार्रवाई की जाना चाहिए। इसके लिए अनेक कीमती सामग्री भी कुरियर पार्सल से आती हैं, वो ट्रस्ट में न आते हुए व्यक्ति विशेष के पास जा रही है।