बारिश के चलते 7 डिग्री नीचे गिरा दिन का पारा

 अब नमी और ठंड ने मिलकर बनाई घने कोहरे की स्थिति

सतना: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को विंध्य में अलग अलग स्थानों पर बादल मेहरबान हुए और हल्की बारिश हुई. इस मौसमी फेरबदल के चलते दिन के पारे में 24 घंटे के भीतर 6.8 डिग्री की अप्रत्याशित कमी देखने को मिली. वहीं अब नमी और ठंड ने मिलकर घने कोहरे की स्थिति निर्मित करनी शुरु कर दिया है.मौसम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को शहर में दिन का अधिकतम तापमान 18.2 उिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

दिन के इस तापमान में एक ओर जहां पिछले दिन की तुलना में 6.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली. वहीं दूसरी ओर यह सामान्य की तुलना में 5.5 डिग्री सेल्सियस कम आंका गया. दिन के पारे में हुए इस फेरबदल के चलते रविवार को शहर सहित जिले भर में कोल्ड डे कंडीशन ने असर दिखाना शुरु कर दिया. हलांकि बादलों की आवाजाही शनिवार रात से ही शुरु हो गई थी. लेकिन रविवार की दोपहर होते होते आसमान पर घने बादल छा गए. देखते ही देखते छुटपुट बूंदाबांदी शुरु हो गई. जो कि धीरे धीरे हल्की बारिश में तब्दील हो गई. मौसम कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार रविवार को शहर में 2.1 मिमी बारिश दर्ज की गई.

इस बारिश ने एक बार फिर से जिले सहित विंध्य के किसानों के चेहरे की रौनक बढ़ा दी है. लेकिन बारिश हो जाने के बाद भी आसमान साफ नहीं हुआ. जिसका नतीजा यह हुआ कि दिन भर लोग ठंड में ठिठुरने के लिए मजबूर रहे. बारिश के चलते हवा में आद्रता भी 82 से लेकर 87 फीसदी तक बनी रही. वहीं शाम ढलने पर तापमान में गिरावट भी दर्ज की जाने लगी. लिहाजा आद्रता की बढ़ी हुई मात्रा, गिरता पारा और रुकी हुई हवा ने मिलकर घने कोहरे के संकेत देने शुरु कर दिए हैं. वहीं अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के चलते भी आद्रता घटने का नाम नहीं ले रही है. नतीजतन सोमवार की सुबह बादल और धुंध के समिश्रण के घना कोहरा छाने और दृश्यता प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है

Next Post

राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष 27 को महू में

Mon Jan 13 , 2025
संविधान बचाओ यात्रा की औपचारिक शुरुआत करेंगे इंदौर: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 27 जनवरी को महू आएंगे. संविधान बचाओ यात्रा की औपचारिक शुरुआत और संविधान की रक्षा को लेकर सभा संबोधित करेंगे.उक्त जानकारी प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मीडिया को दी. मध्यप्रदेश कांग्रेस […]

You May Like