भाजपा और आप ने लोगों को दिया धोखा, कांग्रेस ने दिल्ली के विकास के लिए क्रांतिकारी योजनाएं पेश की: देवेंद्र

नयी दिल्ली, 12 जनवरी (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जोरदार प्रहार किया और कहा कि दोनों पार्टियों ने लोगों को धोखा दिया है और इस समय मतदाताओं को गुमराह करने का काम कर रही हैं।

श्री यादव ने आज शकूर बस्ती विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। कांग्रेस ने शकूर बस्ती विधानसभा क्षेत्र से सतीश लूथरा को चुनावी समर में उतारा है। इस मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए श्री यादव ने भाजपा और आप पर प्रहार करते हुए कहा, “भाजपा और आप ने जनता को धोखा देने का काम किया है। भाजपा जहां मतदाताओं को गुमराह करने के लिए अधूरी परियोजनाओं का उद्घाटन कर रही है, वहीं आप के राष्ट्रीय संयोजक ने बिहार और पूर्वांचल के लोगों को ‘फर्जी मतदाता’ कहकर उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।”

उन्होंने कहा कि दिल्ली के विकास के लिए कांग्रेस ने क्रांतिकारी योजनाएं प्रस्तुत की हैं, जिनमें ‘प्यारी दीदी योजना’ शामिल है, जिसके तहत महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। वहीं ‘जीवन रक्षा योजना’ जिसके तहत दिल्ली के प्रत्येक निवासी को 25 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा।

वहीं, श्री लूथरा ने इस दौरान जनता के प्रति आभार व्यक्त करते शकूर बस्ती को विकास और खुशहाली का मॉडल बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने स्वच्छ पेयजल, जल निकासी, सार्वजनिक शौचालय, सड़क पुनर्निर्माण और कचरा प्रबंधन जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने का वादा किया। इस समारोह में काफी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम में आए लोगों ने कांग्रेस की नीतियों पर भरोसा जताया और कहा कि इस बार दिल्ली में कांग्रेस सत्ता में आएगी।

Next Post

पतंग उड़ाते समय छत से गिरा बच्चा, उपचार जारी

Sun Jan 12 , 2025
खरगोन। शहर के मोतीपुरा क्षेत्र में रविवार दोपहर एक 7 वर्षीय बच्चा छत पर पतंग उड़ाते समय हादसे का शिकार हो गया। पतंग उड़ाने में मशगुल बच्चा असंतुलित होकर नीचे गिर गया, जिससे उसे बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां बच्चे का उपचार जारी […]

You May Like