नयी दिल्ली 11 जनवरी (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि उन्हें सूत्रों से जानकारी मिली है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली के मुख्यमंत्री के लिए रमेश बिधूड़ी के नाम पर मोहर लगा रही है।
श्री केजरीवाल ने शनिवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि श्री बिधूड़ी के नाम का औपचारिक रूप से एलान हो जायेगा तब एक दिन सार्वजनिक डिबेट (बहस) होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के तरफ़ से जो भी उम्मीदवार बने उसे सार्वजिक डिबेट करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि श्री बिधूड़ी को दिल्ली की जनता को बताना चाहिए कि उन्होंने सांसद रहते हुए दस साल में क्या काम किया है। उनको अपना विजन बताना चाहिए कि वह दिल्ली के लिए क्या करने वाले हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली चुनाव लगभग नजदीक आ गए हैं और चुनाव में सब लोग जानना चाहते हैं किस पार्टी का कौन मुख्यमंत्री का उम्मीदवार है। आप की तरफ से शुरू से ही यह जगजाहिर था, पूरी पार्टी ने निर्णय लिया था और सहमति बनी थी कि अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री उम्मीदवार होंगे। भाजपा का पता नहीं चल रहा था। सूत्रों से पता चला है कि सीईसी की बैठक में भाजपा ने शायद निर्णय लिया है कि रमेश बिधूड़ी उनके मुख्यमंत्री उम्मीदवार होंगे।
श्री केजरीवाल ने कहा कि सूत्रों के मुताबिक ऐसा बताया जा रहा है कि एक-दो दिन में औपचारिक रूप से श्री बिधूड़ी के नाम का एलान कर दिया जाएगा।
