नयी दिल्ली, 19 जून (वार्ता) युवा कांग्रेस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार को यहां तालकटोरा स्टेडियम में “मेगा रोजगार मेला-2026” का आयोजन किया, जिसमें हजारों युवाओं ने भाग लिया और बड़ी संख्या में युवाओं को विभिन्न निजी कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता वरुण पांडे ने कहा कि रोजगार मेले में टाटा एआईए, फ्लिपकार्ट, जिप्टो, वोल्टास, टेक महिंद्रा, पेटीएम, आदित्य बिरला, हिताची और अर्बन क्लैप समेत करीब 150 निजी कंपनियों ने भाग लिया। उन्होंने दावा किया कि लगभग 30 हजार युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया, जबकि नौ हजार से अधिक युवाओं ने मौके पर पंजीकरण कराया। इनमें से सात हजार से अधिक युवाओं को तत्काल नियुक्ति पत्र दिए गए तथा कई अभ्यर्थियों को कंपनियों के मानव संसाधन विभाग द्वारा अगले चरण के साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट, सुखजिंदर सिंह रंधावा, काजी निजामुद्दीन, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, सांसद किशोरी लाल शर्मा, कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग की अध्यक्ष सुप्रिया श्रीनेत, एनएसयूआई अध्यक्ष विनोद जाखड़ सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक की घटनाएं बढ़ी हैं और बेरोजगारी से युवा परेशान हैं, जबकि सरकार की कोई जवाबदेही नहीं दिखाई देती। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस “रोजगार, न्याय और जवाबदेही” अभियान के तहत युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है, जबकि यह केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है।
श्री चिब ने कहा कि पेपर लीक और बार-बार रद्द होने वाली परीक्षाओं से परेशान युवा अब बदलाव चाहते हैं। श्री राहुल गांधी के जन्मदिन पर युवा कांग्रेस ने युवाओं की मेहनत का सम्मान करने का संकल्प लिया है और उनके अवसरों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा, “भाजपा ने हमें बेरोजगारी दी, हमने उसके जवाब में रोजगार का मेला खड़ा कर दिया। यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राहुल गांधी के विजन पर विश्वास रखने वालों का अभियान है।
युवा कांग्रेस के प्रभारी मनीष शर्मा ने कहा कि रोजगार मेले में उमड़ी भीड़ देश के युवाओं की आकांक्षाओं और रोजगार की आवश्यकता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को किसी सहानुभूति की नहीं बल्कि अवसर की जरूरत है। दिल्ली युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने कहा कि यह आयोजन युवाओं को रोजगार दिलाने का एक ठोस प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार सृजन के वादों पर सरकार खामोश है और ऐसे में विपक्ष युवाओं के हितों के लिए आगे आ रहा है। कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के कई राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष और अन्य नेता भी मौजूद थे।
