कटनी/बड़वारा: प्रदेश के परिवहन, स्कूल शिक्षा मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बुधवार को विकासखंड मुख्यालय बड़वारा में जिला स्तरीय समीक्षा करते हुए कहा कि सभी स्कूलों के नियमित निरीक्षण कर अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों और अनियमितता बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।प्रभारी मंत्री ने जिला शिक्षा अधिकारी से कहा कि वे और उनके अधीनस्थ विकासखंड स्तरीय अधिकारी स्कूलों का नियमित निरीक्षण करें। प्रभारी मंत्री ने डीईओ द्वारा पिछले 8 दिनों में किए गए स्कूलों के निरीक्षण का विवरण तलब किया है। उन्होंने स्कूलों में पिछले साल की तुलना में इस साल छात्रों के कम नामांकन पर नाराजगी भी जाहिर की।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिले के सभी जर्जर शाला भवनों के डिस्मेंटल के बाद नए भवन बनवाने का प्रस्ताव भेजे। इस दौरान बताया गया कि प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के 102 शालाओं के भवन जर्जर है। जिस पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि इन जर्जर भवनों के स्थान पर नए भवन बनाने का प्रस्ताव कलेक्टर के माध्यम से तत्काल भेजे, ताकि इन स्कूलों के भवन बनाने के लिए राशि दी जा सके। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिन हाई स्कूलों की कक्षा 10 में 100 से 150 छात्रों की संख्या है उन सभी हाई स्कूलों का हायर सेकेंड्री स्कूल मे उन्नयन का प्रस्ताव तत्काल भिजवाएं।प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिले में सक्षम अधिकारियों की अच्छी टीम है इसलिए सकारात्मक सोच और मुस्तैदी से शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों का संजीदगी से क्रियान्वयन करें और शासन द्वारा तय लक्ष्यों को अर्जित करने का प्रयास करें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उनके विभाग की जो भी परियोजनाएं शासन स्तर पर स्वीकृति के लिए लंबित हो उसकी वे स्वयं उन्हे जानकारी दे सकते है और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग और जिला प्रशासन की मदद से इन्हे अमलीजामा पहनाने की दिशा मे सार्थक पहल कर सकते हैं।स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने डॉ आरके अठया को जिला अस्पतालों में दवाईयों की उपलब्धता हर हाल में तय करने और जिले के मातृ-शिशु मृत्यु दर मे सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होने डॉ अठया को हिदायत दी कि जिन स्वास्थ्य भवनों का निर्माण पूरा हो गया है, उस क्षेत्र के विधायक से चर्चा कर स्वास्थ्य भवनों का लोकार्पण कार्यक्रम जल्द कराएं।
