
2 सगे भाई अपने साथी के साथ जा रहे थे घर
शहडोल । जिले के ब्यौहारी क्षेत्र के उफरी गांव में गुरूवारकी रात्रि को भीषण सड़क दुर्घटना हुई। बताया जा रहा है कि किसी मजिस्ट्रेट की कार ने बाइक को ठोकर मार दी, जिसमें कोई महिला सवार थी। इस हादसे में बाईक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। बाइक में सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई तो चालक इस घटना में गंभीर था, जिसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शुक्रवार को तीनों मृतकों का पीएम कराने के बाद उनके शव परिजनों को सौंप दिए गए। बताया जा रहा है कि घटना स्थल के दो-चार किलो मीटर का एरिया जंगली क्षेत्र है जिसके कारण कार चालक किस दिशा से फरार होने में सफल हुआ इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। इस मामले में पुलिस भी कुछ कहने से बच रही है। चर्चा है कि मामले में पर्दा डालने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार बाईक में सवार होकर रामकरण 55 वर्ष, ईश्वरदीन 62 एवं संतोष सिंह सभी निवासी बड़ी गिरुई अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक की घटनास्थल पर मौत हो गई, वहीं दूसरे को अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने मृत घोषत कर दिया।संतोष सिंह की हालत गंभीर होने पर उसे भर्ती किया गया था, लेकिन उसने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो सड़क हादसे की सूचना तत्काल 108 एम्बुलेंस को दी गई थी, लेकिन एम्बुलेंस भी समय पर नहीं पहुंची।इधर, घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी लगने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचवाया। थाना प्रभारी अरुण कुमार पांडेय ने बताया कि सड़क हादसे में मृत रामकरण एवं ईश्ववरदीन पिता दुलारे सगे भाई थे, जो बाइक चालक संतोष सिंह के साथ घर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।