
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने ग्वालियर खंडपीठ द्वारा विजयपुर से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा के निर्वाचन को शून्य घोषित किए जाने के फैसले पर प्रतिक्रिया दी है।
अपने बयान में सिंघार ने कहा कि उच्च न्यायालय ने चुनावी हलफनामे में अपूर्ण जानकारी दिए जाने के आधार पर मुकेश मल्होत्रा के निर्वाचन को निरस्त किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी न्यायपालिका और उसके निर्णयों का सम्मान करती है।
सिंघार ने कहा कि पार्टी इस निर्णय का विस्तृत अध्ययन करेगी और विधि विशेषज्ञों से परामर्श लेने के बाद आगे की रणनीति तय करेगी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस उचित कानूनी सलाह लेने के बाद इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की तैयारी कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि विजयपुर की जनता ने कांग्रेस पार्टी को अपना जनादेश दिया है और आज भी जनता पार्टी के साथ खड़ी है। सिंघार ने न्यायिक प्रक्रिया पर विश्वास जताते हुए कहा कि कांग्रेस को उम्मीद है कि सुप्रीम कोर्ट से उसे न्याय मिलेगा।
