
नयी दिल्ली, 25 अगस्त (वार्ता) आईटी समाधान प्रदान करने वाली कंपनी ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 28 अगस्त को खुलेगा और 01 सितंबर तक उपलब्ध रहेगा। कंपनी ने एक रुपये अंकित मूल्य वाले इक्विटी शेयर का मूल्य दायरा 408 रुपये से 429 रुपये तय किया है। प्रत्येक बोलीदाता को कम से कम 34 इक्विटी शेयर के लिए और उसके बाद 34 के गुणांक में बोली लगानी होगी। आईपीओ से पहले कंपनी के इक्विटी शेयरों की संख्या 10,04,27,753 है। कंपनी की योजना अधिकतम 720 करोड़ रुपये की पूंजी जुटाने की है।
साल 2005 में स्थापित ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन देश में एआई-सक्षम क्लाउड, प्रबंधित सेवाओं, डेटा सेंटर अवसंरचना और सॉफ्टवेयर समाधान उपलब्ध कराती है। वित्त वर्ष 2025-26 में उसका परिचालन राजस्व 472.21 करोड़ रुपये रहा था। ईएसडीएस देश की शुरुआती क्लाउड सेवा प्रदाताओं में से एक थी, जिसने कम्यूनिटी क्लाउड सर्विस की पेशकश की। कंपनी विभिन्न क्षेत्रों के ग्राहकों को सेवाएं देती है, जिनमें मुख्य रूप से बैंकिंग, वित्तीय सेवा और बीमा कंपनियां; केंद्र, राज्य और स्थानीय निकायों के विभाग; सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियां; सरकारी एजेंसियां और संस्थान; और विभिन्न बिजनेस एवं एंटरप्राइज ग्राहक शामिल हैं।
