ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर नवविवाहिता ने खाया जहर

जबलपुर: खितौला थाना अंतर्गत ग्राम अमगवां में एक नवविवाहिता ने ससुराल वालों की शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर खेत में डालने वाली जहरीली दवा का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में महिला को सिहोरा के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम भीटा खुर्द थाना सिहोरा निवासी हेमंत पटेल (27) ने खितौला थाने में शिकायत दर्ज कि उसकी 26 वर्षीय बहन हेमलता पटेल का विवाह अमगवां निवासी अजीत पटेल से हुआ था। हेमलता ने उसे फोन पर बताया कि उसने जहरीली दवा खा ली है। खबर मिलते ही भाई हेमंत और पिता चंद्रिका पटेल आनन-फानन में अमगवां पहुंचे और तड़प रही हेमलता को तुरंत शासकीय अस्पताल सिहोरा में भर्ती कराया।
मजिस्ट्रेट के सामने टूटी चुप्पी, बयां किया ससुराल का जुल्म
अस्पताल से मिली सूचना के बाद खितौला पुलिस मौके पर पहुंची। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए कार्यपालिक दण्डाधिकारी सिहोरा को बुलाया गया और उनके समक्ष पीड़िता के मृत्युकालीन कथन दर्ज कराए गए। हेमलता ने अपने बयान में ससुराल वालों के क्रूर चेहरे को उजागर करते हुए बताया कि उसका पति अजीत पटेल, देवर सुजीत पटेल, सास सुषमा बाई और ससुर लक्ष्मण पटेल दहेज के लिए विवाद कर रहे थे। चारों ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे इस कदर मानसिक रूप से तोड़ा कि उसने आत्मघाती कदम उठाते हुए खेत में छिड़कने वाली कीटनाशक दवा पी ली। पुलिस ने आरोपी पति अजीत, सास सुषमा बाई, ससुर लक्ष्मण और देवर सुजीत पटेल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

Next Post

जापान और स्वीडन 1-1 से ड्रॉ के बाद राउंड ऑफ 32 में पहुंच गए

Fri Jun 26 , 2026
टेक्सास (अमेरिका) 26 जून (वार्ता) फीफा विश्वकप के ग्रुप एफ मुकाबले में जापान और स्वीडन ने 1-1 गोल के ड्रा के साथ टूर्नामेंट के नॉकनाउट चरण में जगह बना ली है। डलास स्टेडियम में गुरुवार रात खेले गये मुकाबले में पहला हॉफ गोल रहित रहने के बाद जापान के लिए […]

You May Like