
भोपाल। नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी, भोपाल में शनिवार से दो दिवसीय राष्ट्रीय न्यायिक सम्मेलन की शुरुआत हो रही है। इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस जस्टिस सूर्यकांत समेत देशभर के 25 से अधिक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और वरिष्ठ न्यायाधीश भाग ले रहे हैं। सीजेआई बनने के बाद जस्टिस सूर्यकांत का यह मध्यप्रदेश का पहला दौरा माना जा रहा है।
लंबे अंतराल के बाद इतनी बड़ी संख्या में हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एक साथ भोपाल में एकत्र हो रहे हैं, जिससे सम्मेलन का महत्व न्यायिक दृष्टि से और बढ़ गया है। सम्मेलन की थीम ‘एकीकृत, कुशल और जन-केंद्रित न्यायपालिका’ निर्धारित की गई है, जिस पर सीजेआई सूर्यकांत न्यायाधीशों को संबोधित करेंगे। चर्चा का मुख्य फोकस न्याय व्यवस्था को आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ, प्रभावी और समयबद्ध बनाने के उपायों पर रहेगा।
सम्मेलन के दौरान न्यायिक प्रशासन, तकनीकी नवाचार, न्याय तक पहुंच तथा संस्थागत समन्वय जैसे विषयों पर भी विस्तृत मंथन किया जाएगा। सीजेआई के भोपाल प्रवास के मद्देनज़र उनकी अगवानी से लेकर नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी तक सुरक्षा और प्रोटोकॉल की समूची जिम्मेदारी प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपी गई है। प्रवास के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ताओं द्वारा सीजेआई से शिष्टाचार भेंट की संभावना भी जताई जा रही है।
